Indore Protest : दिल्ली की घटना के विरोध में इंदौर में छात्राओं का प्रदर्शन, महिला सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज
Indore Protest : छात्राओं का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर उनकी आवाजाही और आजादी पर पाबंदियां लगाने के बजाय अपराधियों पर कार्रवाई और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।
मध्य प्रदेश। इंदौर में महिला सुरक्षा को लेकर छात्राओं और युवतियों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। रीगल चौराहे पर एकत्रित हुई छात्राओं ने दिल्ली में नाबालिग के साथ हुई कथित गैंगरेप की घटना समेत महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर नाराजगी जताई। हाथों में तख्तियां लेकर छात्राओं ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।

सड़कों पर उतरीं कॉलेजों की छात्राएं
दरअसल, दिल्ली में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ हुई कथित गैंगरेप की घटना के बाद वहां छात्राओं और युवतियों के बीच विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कॉलेजों की छात्राएं सड़कों पर उतरकर महिलाओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक स्थान, बेहतर पुलिसिंग और अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं। इसी कड़ी में इंदौर के प्रमुख रीगल चौराहे पर छात्राओं और युवतियों ने एकत्रित होकर महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों का विरोध किया।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में अलग-अलग संदेश लिखी तख्तियां थीं और उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर नारे लगाए। छात्राओं का कहना था कि महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर उनकी आवाजाही और आजादी पर पाबंदियां लगाने के बजाय अपराधियों पर कार्रवाई और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने, पुलिस व्यवस्था मजबूत करने और यौन अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन पर महिला अपराधों में शामिल आरोपियों पर सख्ती से कार्रवाई करें ना कि महिलाओं और युवतियों पर पाबंदी लगाए।


