भागीरथपुरा दूषित जल कांड: राहुल गांधी का इंदौर दौरा, पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर आएंगे। राहुल गांधी इंदौर में दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है।
इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी मामले में पीड़ित परिवारों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इतना ही नहीं 17 जनवरी को ही कांग्रेस प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर सरकार के खिलाफ सामूहिक उपवास करेगी।
राहुल गांधी के इंदौर आगमन की तारीख AICC ने तय कर दी है। फिलहाल उनके दौरे के विस्तृत कार्यक्रम को अंतिम रूप देने पर मंथन जारी है, लेकिन पार्टी इसे सिर्फ औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप देने की रणनीति पर काम कर रही है।
बता दें कि इंदौर में दूषित पानी के कारण अब तक 23 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक 15 लोगों की मौत की पुष्टी की गई है। इसी मुद्दे को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने 11 जनवरी को इंदौर में न्याय यात्रा निकाली थी, जिसमें इंदौर सहित 200 किलोमीटर के दायरे से कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए थे।
इसी बीच अब राहुल गांधी का इंदौर दौरा इस बात का साफ संदेश है कि दूषित जलकांड को कांग्रेस प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक और जनआंदोलन का मुद्दा बनाना चाहती है। सवाल यह है कि इतने लोगों की मौत के बाद भी क्या सरकार जवाबदेही तय करेगी, या फिर यह मामला भी फाइलों में ही दफन कर दिया जाएगा?
pushpendra 
