बांग्लादेश में किराना व्यापारी की हत्या, 24 घंटे में दूसरी घटना
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब नरसिंदी जिले में उपद्रवियों ने किराना व्यापारी मणि चक्रवर्ती की हत्या कर दी।
ढाका: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब नरसिंदी जिले में उपद्रवियों ने किराना व्यापारी मणि चक्रवर्ती की हत्या कर दी। यह घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। एक दिन पहले ही उपद्रवियों ने हिंदू युवक राणा प्रताप बैरागी को गोरी मारकर हत्या कर दी थी।
बताया जा रहा है कि मणि चक्रवर्ती चारसिंदुर बाज़ार में अपनी किराना दुकान चलाते थे। रोज की तरह मणि चक्रवर्ती अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद लोगों ने मणि चक्रवर्ती को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इस वारदात के बाद और हिंदू समुदाय के खिलाफ लगातार बढ़ रही हिंसा को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मणि चक्रवर्ती एक शांत और सौम्य स्वभाग के व्यक्ति थे और मणि का किसी से कोई विवाद नहीं था। खुले बाजार में इस तरह की बेरहमी से की गई हत्या ने व्यापारियों और आम लोगों के बीच असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के एक व्यापारी की इस तरह सार्वजनिक तौर पर हत्या बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
pushpendra 
