VD Satheesan बने केरलम के 13वें CM, 64 साल बाद पूरी कैबिनेट ने साथ ली शपथ
राहुल-प्रियंका की मौजूदगी में हुआ केरलम के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह, 20 मंत्रियों संग बनी नई कांग्रेस सरकार
वीडी सतीशन ने सोमवार को केरलम के 13वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। राजधानी तिरुवनंतपुरम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के साथ उनकी कैबिनेट के 20 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया।

खास बात यह रही कि करीब 64 साल बाद केरल में मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट ने एक साथ शपथ ली है। इससे पहले 1962 में तत्कालीन मुख्यमंत्री आर शंकर ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली थी। हालांकि, 1964 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद उनकी सरकार गिर गई थी।
राहुल-प्रियंका समेत दिग्गज नेता रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री पी विजयन, बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर समेत सभी कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम भी कार्यक्रम में शामिल हुए। हालांकि, विदेश दौरे पर होने के कारण शशि थरूर कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

कैबिनेट में 14 नए चेहरों को मौका
केरलम सरकार की नई कैबिनेट में 14 विधायकों को पहली बार मंत्री बनाया गया है। इनमें सीपी जॉन और एन शमसुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, टी सिद्दीकी, केए थुलसी और ओजे जनीश का नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का पद भी अपने पास रखा है। तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है।
22 मई को स्पीकर चुनाव, जून तक बजट संभव
शपथ ग्रहण के बाद अब राज्य की नई विधानसभा की प्रक्रिया शुरू होगी। 22 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा, जबकि 29 मई को राज्यपाल का नीतिगत अभिभाषण प्रस्तावित है। नई सरकार जून के पहले सप्ताह तक अपना पहला बजट पेश कर सकती है।

Varsha Shrivastava 
