Bihar Stampede Update : लखीसराय भगदड़ में मृतकों को 4 लाख रूपए का मुआवजा, राष्ट्रपति- PM ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लखीसराय भगदड़ हादसे में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
Bihar Stampede Update : बिहार। लखीसराय में सोमवार सुबह मची भगदड़ मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस हादसे में मृतकों को चार-चार लाख रूपए के मुआवजे का ऐलान किया है। इस हादसे में में अब तक सात महिलाओं की मौत होने की खबर है। अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुए इस हादसे में 23 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जबकि 3 की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि, अब तक सिर्फ चार महिलाओं की पहचान हो पाई है, बाकियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है।
CM सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के समुचित और जल्द इलाज के निर्देश भी दिए हैं।
लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 17, 2026
दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।????
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लखीसराय हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।
Pained by the loss of lives due to a stampede in Lakhisarai, Bihar. My thoughts are with the bereaved families in this hour of grief. May the injured recover at the earliest. The local administration is assisting those affected: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) August 17, 2026
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी जताई संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने कहा, बिहार के लखीसराय जिले में भगदड़ की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।
बिहार के लखीसराय जिले में भगदड़ की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।
— President of India (@rashtrapatibhvn) August 17, 2026
अशोकधाम में अचानक बिगड़े हालात
हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब सावन के तीसरे सोमवार के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु अशोकधाम मंदिर पहुंच रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रास्ते में बिजली का एक खंभा गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से लोगों में घबराहट फैल गई। इसी दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। अधिकारियों के अनुसार, उसी समय दो ट्रेनों के पहुंचने से भी श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई थी।
सात महिलाओं की गई जान
इस हादसे में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हुई है। शुरुआती रिपोर्टों में घायलों की संख्या एक दर्जन से अधिक बताई गई है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों के अलावा पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी इलाज के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव का काम शुरू किया गया।
भगदड़ की वजह की जांच जारी
प्रशासन हादसे के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रहा है। शुरुआती जानकारी में बिजली का खंभा गिरने और करंट की अफवाह को भगदड़ से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, अचानक बढ़ी भीड़ और रास्ते में मौजूद बैरिकेडिंग भी जांच के दायरे में है। जिला प्रशासन का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

