घर के आंगन में नहाते समय जंगली सुअर ने किया हमला, मां-बेटा-बेटी समेत 4 घायल

सतना जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में घर के आंगन में नहा रही महिला पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। महिला को बचाने पहुंचे बेटा, नातिन और पड़ोसी भी हमले में घायल हो गए। चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घर के आंगन में नहाते समय जंगली सुअर ने किया हमला, मां-बेटा-बेटी समेत 4 घायल

सतना: जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र के संत टोला तुरी मोड़ पर बुधवार सुबह एक दहलाने वाली घटना सामने आई। घर के आंगन में नहाते समय जंगली सुअर के अचानक हमले में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना का विवरण..
बुधवार सुबह करीब 9 बजे संत टोला निवासी बूटा डोहर (50 वर्ष) पत्नी बद्री विशाल डोहर अपने घर के आंगन में नहा रही थीं। तभी एक जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर बेटा रामलखन डोहर (14 वर्ष), नातिन चंद्रमा डोहर (18 वर्ष) और पड़ोसी कल्लू डोहर (50 वर्ष) बचाने के लिए दौड़े आए। जंगली सुअर ने बूटा को बचाने आए तीनों पर भी जोरदार हमला कर दिया। काफी चीख-पुकार मचने के बाद सुअर भाग निकला।

घायलों की हालत..
बूटा डोहर — चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें
चंद्रमा डोहर — हाथ और पैर में गहरी चोटें
रामलखन डोहर — हाथ-पैर में चोटें
कल्लू डोहर — हाथ में फ्रैक्चर

उपचार और रेफरल..
ग्रामीणों ने तुरंत 108 Ambulance को फोन किया, लेकिन Ambulance उपलब्ध नहीं हुई। इसके बाद डायल 112 की मदद से सभी घायलों को कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी चारों को सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

ग्रामीणों का आरोप..
ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घायलों को सबसे पहले जैतवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। जिस कारण उन्हें आगे कोठी अस्पताल भेजना पड़ा। जैतवारा थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोग जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों को लेकर काफी आक्रोशित हैं और प्रशासन से वन विभाग की सक्रियता की मांग कर रहे हैं।