इंस्टाग्राम पर 'जहर खाने' की पोस्ट डालने वाले युवक की पुलिस ने बचाई जान
रीवा में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर "आज मूड ऑफ था, जहर खाया" लिखकर पोस्ट शेयर की। साइबर सेल ने तुरंत लोकेशन ट्रेस कर ग्राम उलही कला पहुंचकर युवक को सुरक्षित ढूंढ निकाला और काउंसिलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोशल मीडिया पर आत्महत्या से जुड़ी एक पोस्ट देखकर रीवा पुलिस की साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक की जान बचा ली। युवक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर लिखा था, "आज मूड ऑफ था, जहर खाया"। पोस्ट में उसने एक शीशी के साथ अपनी फोटो भी लगाई थी, जिसे देखकर पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 12 जून 2026 को रीवा पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को इस पोस्ट की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP डॉ. गुरकरन सिंह और DSP (मुख्यालय) उदित मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
लोकेशन ट्रेस कर पहुंची टीम
साइबर सेल प्रभारी वीरेन्द्र पटेल की टीम ने युवक की इंस्टाग्राम आईडी की लोकेशन ट्रेस की, जो रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के ग्राम उलही कला में मिली। इसके बाद रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार तिवारी अपनी टीम के साथ तत्काल गांव पहुंचे और युवक को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
पुलिस ने मौके पर ही युवक की काउंसिलिंग की और उससे बातचीत कर उसकी मानसिक स्थिति को समझने की कोशिश की। साथ ही ग्रामीणों और परिजनों को बुलाकर युवक को समझाइश दी गई। काफी देर तक बातचीत और काउंसिलिंग के बाद जब युवक सामान्य महसूस करने लगा, तब उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस से संपर्क करें
इस जीवन रक्षक अभियान में साइबर सेल प्रभारी वीरेन्द्र पटेल, रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार तिवारी, प्रधान आरक्षक विनोद तिवारी, आरक्षक सुभाष चन्द्र भारती, मानेन्द्र शर्मा, राजीव तिवारी तथा चौकी मनिकवार से प्रधान आरक्षक आनन्द बिहारी सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
रीवा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मानसिक तनाव या परेशानी की स्थिति में कोई भी गलत कदम उठाने की बजाय अपने परिवार, दोस्तों या पुलिस से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर डायल 112 और साइबर हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है, क्योंकि समय रहते मिली सहायता किसी की जिंदगी बचा सकती है।
Saba Rasool 
