आज उज्जैन दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हरियाखेड़ी में जलप्रदाय योजना का भूमिपूजन और वन मेले का करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री उज्जैन जिले के ग्राम हरियाखेड़ी में जलप्रदाय योजना का भूमिपूजन करेंगे। इस योजना के माध्यम से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

आज उज्जैन दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हरियाखेड़ी में जलप्रदाय योजना का भूमिपूजन और वन मेले का करेंगे शुभारंभ
CM Mohan Yadav Ujjain Visit

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 11 फरवरी को उज्जैन के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन के साथ कई अहम कार्यक्रम शामिल हैं। 

इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव सुबह 10:55 बजे भोपाल के लालघाटी चौराहे पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे सुबह 11:15 बजे भोपाल से उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे।

दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री उज्जैन जिले के ग्राम हरियाखेड़ी पहुंचेंगे, जहां वे जलप्रदाय योजना का भूमिपूजन करेंगे। इस योजना के माध्यम से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। माना जा रहा है कि इस परियोजना से आसपास के गांवों को भी लाभ मिलेगा और जल संकट की समस्या में कमी आएगी।

इसके बाद दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री कालिदास अकादमी, उज्जैन पहुंचेंगे। यहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में वे ‘प्रोजेक्ट संवर्धन’ का शुभारंभ करेंगे। साथ ही नगर निगम, स्मार्ट सिटी और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार लाना और शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है।

शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री उज्जैन के दशहरा मैदान में आयोजित वन मेले का शुभारंभ करेंगे। वन मेला स्थानीय उत्पादों, वन संपदा और स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। इससे वन आधारित आजीविका को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।