अभिषेक बनर्जी के घर पर देर रात कोलकाता पुलिस की छापेमारी, 4 घंटे तक चली तलाशी

ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर रात 3 बजे पहुंची पुलिस, ताला तोड़कर घुसने का लगाया आरोप

अभिषेक बनर्जी के घर पर देर रात कोलकाता पुलिस की छापेमारी, 4 घंटे तक चली तलाशी

कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार देर रात ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रात करीब 3 बजे केंद्रीय बलों के जवानों के साथ उनके घर पहुंची और लगभग 4 घंटे तक ये तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय बल के जवान घर के बाहर तैनात रहे, जबकि पुलिस अधिकारियों ने अंदर जाकर विभिन्न कमरों की जांच की।

बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में कोलकाता पुलिस के अलावा पश्चिम मेदिनीपुर जिले की पुलिस भी शामिल थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह छापेमारी पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी थाने में दर्ज एक मामले से जुड़ी जांच के सिलसिले में की गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मामला क्या है और उसमें अभिषेक बनर्जी की क्या भूमिका है।

अभिषेक बनर्जी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल 

तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद अभिषेक बनर्जी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।

यह छापेमारी ऐसे समय हुई है जब कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले को लेकर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ सीआईडी की जांच जारी है। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।

सागरिका घोष का दावा- छापेमारी में कुछ नहीं मिला

इस बीच, TMC सांसद सागरिका घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से ऐसी कार्रवाई की जा रही है। सागरिका ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित कदम बताया।