गर्मियों से पहले इंदौर को 20 MLD पानी की सौगात, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने SCADA सेंटर पहुंचकर की समीक्षा
गर्मियों से पहले इंदौर में जल आपूर्ति मजबूत, 20 एमएलडी पानी बढ़ाने की तैयारी, महापौर ने किया SCADA सेंटर का दौरा
इंदौर। आगामी गर्मियों को देखते हुए शहर में जल आपूर्ति को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शहरवासियों को गर्मी के मौसम में पानी की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर निगम ने व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। इसी क्रम में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव गुरुवार तड़के सुबह मुसाखेड़ी स्थित SCADA सेंटर पहुंचे और वहां से शहर की जल वितरण व्यवस्था की रियल टाइम मॉनिटरिंग का जायजा लिया।
पुष्यमित्र भार्गव ने स्काडा सेंटर के कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों से शहर की सभी पानी की टंकियों, पंपिंग स्टेशनों और वितरण लाइनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यह भी परखा कि किस क्षेत्र में कितनी मात्रा में पानी सप्लाई हो रहा है और वितरण व्यवस्था कितनी प्रभावी है। इस दौरान जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू और नगर निगम के अपर आयुक्त आशीष पाठक भी उपस्थित रहे।

गर्मियों में शहर के किसी भी हिस्से में जल संकट की स्थिति नहीं बननी चाहिए
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मियों के दौरान शहर के किसी भी हिस्से में जल संकट की स्थिति नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान जल उपलब्धता और वितरण क्षमता को ध्यान में रखते हुए अभी से व्यापक और व्यवस्थित तैयारी की जाए। लीकेज की समस्या पर विशेष ध्यान देने और मॉनिटरिंग सिस्टम को और मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बताया कि नर्मदा परियोजना के चौथे चरण को पूरा होने में अभी कुछ समय है, लेकिन तब तक उपलब्ध संसाधनों से शहर को अधिकतम पानी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में दो दिवसीय शटडाउन लेकर मुख्य पाइपलाइन में हो रहे लीकेज को दुरुस्त किया गया है। इस मरम्मत कार्य के परिणामस्वरूप शहर को मिलने वाली जल आपूर्ति में 10 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) की बढ़ोतरी हुई है।

जल आपूर्ति क्षमता में, 20 एमएलडी अतिरिक्त पानी की उपलब्धता
महापौर ने यह भी जानकारी दी कि एक अन्य फेज में मरम्मत और सुधार कार्य जारी है, जो लगभग एक महीने में पूरा हो जाएगा। इसके पूर्ण होते ही जल आपूर्ति क्षमता में और 10 एमएलडी की वृद्धि होगी। इस प्रकार कुल 20 एमएलडी अतिरिक्त पानी की उपलब्धता से गर्मियों के दौरान शहर की जल आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ हो जाएगी।
पुष्यमित्र भार्गव ने SCADA सेंटर की टीम को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल वितरण में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए रियल टाइम निगरानी, लीकेज कंट्रोल और समय पर सुधार कार्य सुनिश्चित किया जाए। नगर निगम का लक्ष्य है कि गर्मी के मौसम में शहरवासियों को निर्बाध और पर्याप्त जल आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Varsha Shrivastava 
