मऊगंज में जिला स्तरीय योग शिविर का हुआ आयोजन,सैकड़ो ने किया अभ्यास

मऊगंज में जिला स्तरीय योग शिविर का हुआ आयोजन,सैकड़ो ने किया अभ्यास एक दिन नहीं, रोज का योग ही देगा असली लाभ-पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने दवाओं की निर्भरता घटाने की अपील की

मऊगंज में जिला स्तरीय योग शिविर का हुआ आयोजन,सैकड़ो ने किया अभ्यास

राजेंद्र पयासी मऊगंज:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय योग शिविर आयोजित किया गया। सुबह 6 बजे से आयोजित योग शिविर में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों सहित सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ्य जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम रहे। अध्यक्षता कलेक्टर संजय कुमार जैन ने की।
पीएम श्री महाविद्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने अपने उद्बोधन में कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना है। लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब योग को एक दिन तक सीमित न रखकर प्रतिदिन की दिनचर्या में शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि अक्सर लोग योग दिवस पर कार्यक्रमों में शामिल होकर फोटो खिंचवाते हैं और सोशल मीडिया पर साझा कर देते हैं। मगर यदि योग केवल दिखावे तक रहे तो उसका उद्देश्य पूरा नहीं होगा। योग को नियमित अपनाने से ही तन और मन दोनों स्वस्थ रह सकते हैं। उन्होंने बदलती जीवनशैली पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तकनीक और संसाधनों ने जीवन आसान बना दिया है, लेकिन शारीरिक श्रम लगातार घट रहा है। इसका सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। पहले गांवों में जीवन श्रम प्रधान था। महिलाएं हाथ की चक्की से अनाज पीसती थीं। किसान खेतों में हल चलाते थे। मजदूर फावड़ा और गैंती से काम करते थे। इन कार्यों में स्वाभाविक रूप से व्यायाम हो जाता था। एक किसान दिनभर हल चलाते हुए कई किलोमीटर पैदल चलता था।

आज लोग छोटी दूरी के लिए भी वाहन का उपयोग करते हैं। घर से निकलते ही कोशिश रहती है कि गाड़ी दरवाजे तक आ जाए। पैदल चलना कम हो गया है। यही कारण है कि दवाइयों का कारोबार बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग बीपी, शुगर की दवाओं पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि एक बीमारी की दवा लेने पर उसके दुष्प्रभाव से दूसरी बीमारी शुरू हो जाती है। फिर दूसरी दवा लेनी पड़ती है। यह सिलसिला चलता रहता है। यदि व्यक्ति रोज़ एक घंटा योग या व्यायाम को दे तो कई बीमारियों से बच सकता है।

कैलोरी का गणित समझें, योग से बनाएं संतुलन

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक गिरीश गौतम ने शरीर की ऊर्जा खपत पर भी बात की। उन्होंने बताया कि बढ़ई के काम में प्रति मिनट लगभग साढ़े चार कैलोरी खर्च होती है। लोहार के काम में चार कैलोरी तक ऊर्जा लगती है। तैराकी से भी अच्छी मात्रा में कैलोरी बर्न होती है। एक सामान्य व्यक्ति भोजन से दिनभर में हजारों कैलोरी ले लेता है। लेकिन शारीरिक गतिविधि न होने से अतिरिक्त कैलोरी शरीर में जमा होती है। यही मोटापा, मधुमेह और रक्तचाप का कारण बनती है। बैंक में बचत बढ़ना अच्छा है, पर शरीर में कैलोरी जमा होना नुकसानदायक है।उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है। यह तनाव कम करता है, मानसिक संतुलन बनाता है और आत्मविश्वास बढ़ाता है। आज की प्रतिस्पर्धा भरी जिंदगी में योग की जरूरत और बढ़ गई है।

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि योग अब जनआंदोलन बन चुका है। यदि हर नागरिक इसे अपनाए तो न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुधरेगा, बल्कि अस्पतालों पर बोझ भी कम होगा। शिविर में योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान का अभ्यास कराया। युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया। अंत में सभी ने नियमित योग करने का संकल्प लिया। इस दौरान नशा मुक्ति के शपथ दिलाई गई और नशा को जड़ से मिटाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार जैन, अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीएम ए पी द्विवेदी, नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल,रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा मऊगंज के चेयरमैन एडवोकेट प्रदीप सिंह, वाइस चेयरमैन एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र पयासी, प्रदेश प्रतिनिधि सूर्यमणि शुक्ला, प्रमोद सिंह सहित जनप्रतिनिधि समाजसेवी विद्यार्थी विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने आयोजन से जुड़ी टीम की सराहना की।