लालपुर फल मंडी में जलभराव से दुकानदार बेहाल, रोज़गार पर पड़ रहा असर

बारिश के बाद कई फीट पानी में डूबी सड़क, दुकानदारों ने स्थायी जल निकासी की मांग की

लालपुर फल मंडी में जलभराव से दुकानदार बेहाल, रोज़गार पर पड़ रहा असर

रायपुर। लालपुर फल मंडी, डुमरतराई से पचपेड़ी नाका की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर बारिश के बाद भारी जलभराव से दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर कई फीट तक पानी जमा होने के कारण ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर व्यापार और रोज़गार पर पड़ रहा है।

दुकानदारों के मुताबिक, जलभराव के चलते दुकानें खोलने और सामान को सुरक्षित रखने में काफी दिक्कत हो रही है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से दुकानों में रखे फल और अन्य सामान खराब होने का खतरा बना रहता है। वहीं, ग्राहक भी पानी से होकर मंडी तक पहुंचने से बच रहे हैं, जिससे रोजाना की बिक्री प्रभावित हो रही है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लालपुर फल मंडी क्षेत्र में जलभराव की समस्या नई नहीं है। बारिश होते ही मुख्य सड़क और आसपास के हिस्सों में पानी जमा हो जाता है। उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल दुकानदारों और रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

समस्या के समाधान के लिए दुकानदारों ने नगर निगम के **जोन क्रमांक 10** में आवेदन भी दिया है। इसमें तत्काल पानी निकासी कराने के साथ ही स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की गई है। दुकानदारों का कहना है कि उनका व्यापार ही परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। ऐसे में बार-बार होने वाला जलभराव उनकी आय और आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर रहा है।

स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों ने महापौर, नगर निगम प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि वे किसी विवाद या शिकायत के बजाय सिर्फ ऐसी व्यवस्था चाहते हैं, जिससे बारिश के दौरान उनकी दुकानें और रोज़गार सुरक्षित रह सकें।