NH-30 पर दर्दनाक हादसा: ट्रक का टायर चेक कर रहे खलासी को दूसरे ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
मैहर में भीषण सड़क हादसा, NH-30 पर ट्रक का टायर चेक कर रहे खलासी को दूसरे ट्रक ने कुचला, खलासी की मौत के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार
मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पड़हा पेट्रोल पंप के पास ट्रक का टायर चेक कर रहे खलासी को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार की तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक कटनी से वाराणसी की ओर जा रहा था। पड़हा पेट्रोल पंप के पास ट्रक का टायर चेक करने के लिए खलासी नीचे उतरा था। इसी दौरान दूसरे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान संतोष तिवारी पिता दिवाकर तिवारी, उम्र 55 वर्ष, निवासी ढकरा सोनौरी, थाना चाकघाट, जिला रीवा के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया। इधर, अमरपाटन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
Varsha Shrivastava 
