Census 2027: जनगणना में पूछे जाएंगे 40 सवाल, जाति से लेकर आधार और बैंक अकाउंट तक की जानकारी होगी दर्ज
Census 2027 में 40 सवालों के जरिए लोगों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और रोजगार से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। जाति, आधार, मोबाइल और बैंक अकाउंट से जुड़े सवाल भी शामिल।
नई दिल्ली। भारत की अगली जनगणना को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा अपडेट जारी किया है. जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी Population Enumeration के लिए 40 सवालों की सूची अधिसूचित कर दी गई है. खास बात यह है कि इस बार जाति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी. इसके अलावा आधार नंबर, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट जैसी जानकारियां भी सवालों में शामिल हैं.
जाति से लेकर धर्म तक पूछा जाएगा
जनगणना में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि और उम्र, वैवाहिक स्थिति, शादी की उम्र, पति या पत्नी का नाम और घोषित नागरिकता जैसी जानकारी ली जाएगी. इसके साथ धर्म और SC/ST/जाति से जुड़ा सवाल भी होगा. यानी इस बार जनगणना में व्यापक स्तर पर जातिगत आंकड़े जुटाए जाएंगे. सरकार पहले ही जनगणना 2027 के दूसरे चरण में जाति की गणना कराने का फैसला कर चुकी है.
पढ़ाई और नौकरी की भी जानकारी
प्रश्नावली में व्यक्ति की दिव्यांगता, मातृभाषा और अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता, शिक्षण संस्थान में पढ़ाई की स्थिति और उच्चतम शैक्षणिक योग्यता से जुड़े सवाल भी होंगे. रोजगार को लेकर भी कई जानकारियां जुटाई जाएंगी. व्यक्ति ने पिछले साल काम किया या नहीं, आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, पेशा, उद्योग या सेवा का प्रकार, कामगार की श्रेणी और काम करने की जगह तक की जानकारी ली जाएगी.
दूसरे शहर में क्यों गए? ये भी पूछा जाएगा
जनगणना में जन्म स्थान, पिछला निवास स्थान, पलायन का कारण, वर्तमान जगह पर कितने समय से रह रहे हैं और स्थायी आवास का पता भी दर्ज किया जाएगा. महिलाओं से प्रजनन संबंधी कुछ जानकारियां भी ली जाएंगी. इनमें वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे बच्चों की संख्या और पिछले एक साल में जन्मे बच्चों की संख्या जैसे सवाल शामिल हैं.
कोविड वैक्सीन से लेकर बैंक अकाउंट तक
जनगणना की नई प्रश्नावली में कुछ ऐसे सवाल भी हैं जो लोगों का खास ध्यान खींच रहे हैं. इसमें कोविड-19 वैक्सीनेशन की जगह, कुल बैंक अकाउंट, मोबाइल नंबर और आधार नंबर जैसी जानकारी शामि. इसके अलावा उपलब्ध होने पर वोटर आईडी नंबर, भारतीय पासपोर्ट होने पर पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता के बारे में भी पूछा जाएगा.
दो चरणों में होगी Census 2027
Census 2027 को दो चरणों में कराया जा रहा है। पहला चरण House Listing and Housing Census है, जिसमें घर, आवास की स्थिति, सुविधाओं और परिवार के पास मौजूद संपत्तियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. यह चरण अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सुविधा के अनुसार 30 दिनों की अवधि में किया जा रहा है। इसके लिए Self-Enumeration की सुविधा भी दी गई है.
दूसरा चरण Population Enumeration फरवरी 2027 में प्रस्तावित है. इसमें हर व्यक्ति की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक, प्रवासन और प्रजनन संबंधी जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं लद्दाख और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फीले क्षेत्रों में दूसरा चरण सितंबर 2026 में किया जाएगा.
40 सवालों में क्या-क्या पूछा जाएगा?
- व्यक्ति का नाम
- परिवार के मुखिया से संबंध
- लिंग
- जन्मतिथि और उम्र
- वैवाहिक स्थिति
- शादी के समय उम्र
- पति/पत्नी का नाम
- घोषित नागरिकता
- धर्म
- SC/ST/जाति
- पिता की जानकारी
- मां की जानकारी
- दिव्यांगता
- मातृभाषा और अन्य भाषाएं
- साक्षरता और डिजिटल साक्षरता
- शिक्षण संस्थान में पढ़ाई की स्थिति
- उच्चतम शैक्षणिक योग्यता और विषय
- पिछले साल काम किया या नहीं
- आर्थिक गतिविधि की श्रेणी
- पेशा
- उद्योग/व्यापार/सेवा का प्रकार
- कामगार की श्रेणी
- गैर-आर्थिक गतिविधि
- काम की तलाश या उपलब्धता
- काम की जगह तक यात्रा
- जन्म स्थान
- पिछला निवास स्थान
- पलायन का कारण
- वर्तमान स्थान पर रहने की अवधि
- स्थायी आवास का पता
- वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या
- अब तक जन्मे बच्चों की संख्या
- पिछले एक साल में जन्मे बच्चों की संख्या
- कोविड-19 टीकाकरण की जगह
- कुल बैंक अकाउंट
- मोबाइल नंबर
- आधार नंबर
- वोटर आईडी नंबर
- पासपोर्ट नंबर
- ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता।
यानी Census 2027 में इस बार सिर्फ आबादी की गिनती नहीं होगी, बल्कि लोगों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, रोजगार, प्रवासन और पहचान से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी दर्ज की जाएंगी।

