भोपाल मेट्रो का नया शेड्यूल: छुट्टी वाले दिन हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन, रविवार को लगेंगे 70 फेरे

भोपाल मेट्रो का नया शेड्यूल 17 अगस्त से होगा लागू। रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर 70 फेरे लगेंगे और हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी।

भोपाल मेट्रो का नया शेड्यूल: छुट्टी वाले दिन हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन, रविवार को लगेंगे 70 फेरे

भोपाल मेट्रो के संचालन में अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 17 अगस्त से मेट्रो की नई समय-सारणी लागू की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत सप्ताह के सभी दिनों में यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। सोमवार से शनिवार तक मेट्रो के 62 फेरे, जबकि रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में 70 फेरे संचालित किए जाएंगे।

सोमवार से शनिवार तक ऐसा रहेगा शेड्यूल

सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सेवा सुबह 11.30 बजे से शाम 7.30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 11.30 बजे रवाना होगी, जबकि एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12 बजे चलेगी। इन दिनों सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो शाम 7 बजे और एम्स से अंतिम मेट्रो शाम 7.30 बजे रवाना होगी। दोनों दिशाओं को मिलाकर कुल 62 फेरे लगाए जाएंगे।

रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर बढ़ेंगे फेरे

रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 11.30 बजे से रात 8.30 बजे तक किया जाएगा। सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो रात 8 बजे और एम्स से अंतिम मेट्रो रात 8.30 बजे रवाना होगी। इन दिनों यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी और दोनों दिशाओं को मिलाकर कुल 70 फेरे संचालित किए जाएंगे।

पहले 75 मिनट का करना पड़ता था इंतजार

भोपाल मेट्रो की शुरुआत दिसंबर में हुई थी। शुरुआत में सिंगल ट्रैक पर संचालन होने के कारण एक ट्रेन के स्टेशन से रवाना होने के बाद दूसरी ट्रेन के लिए यात्रियों को करीब 75 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था।

अब सिग्नलिंग सिस्टम को CMRS की मंजूरी मिलने के बाद 25 जुलाई से दोनों ट्रैक पर मेट्रो का संचालन शुरू हो गया है। इसके बाद ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने और संचालन समय में बदलाव का रास्ता साफ हुआ।

करीब 800 करोड़ रुपए में तैयार हो रहा सिग्नलिंग सिस्टम

सुभाष नगर से एम्स के बीच प्रायोरिटी कॉरिडोर के लिए सिग्नलिंग सिस्टम का काम पूरा हो चुका है। करीब 30 किलोमीटर के पूरे प्रोजेक्ट के लिए लगभग 800 करोड़ रुपए का टेंडर किया गया है। मौजूदा काम इसी प्रोजेक्ट का पहला चरण है।

टिकट और ई-वॉलेट रिचार्ज पर भी छूट

मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों के लिए प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी भी लागू की है। रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अलावा MP Metro Rail Corporation के मोबाइल ऐप से ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर राशि के अनुसार अतिरिक्त बोनस मिलेगा।

रिचार्ज राशि बोनस
₹200–499 8%
₹500–999 10%
₹1000–1499 12%
₹1500–2000 15%

पहली मेट्रो से 15 मिनट पहले खुलेंगे स्टेशन

यात्रियों को सुविधा देने के लिए पहली मेट्रो के निर्धारित प्रस्थान समय से 15 मिनट पहले स्टेशन खोल दिए जाएंगे। इससे यात्रियों को प्रवेश, सुरक्षा जांच और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। मैनुअल टिकटिंग की सुविधा सुभाष नगर, केंद्रीय विद्यालय, बोर्ड ऑफिस, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम ऑफिस, अलकापुरी और एम्स स्टेशनों पर निर्धारित गेटों से उपलब्ध रहेगी।