MP विधानसभा के बजट सत्र की हंगामेदार शुरुआत, विपक्ष की नारेबाजी के बीच कार्यवाही अगले दिन तक स्थगित
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी।
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज से हो चुकी है। सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा, राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का मुद्दा उठाया। विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान नारेबाजी की, जिसके बाद कार्यवाही अगले दिन तक स्थगित कर दी गई। 6 मार्च तक चलने वाले सत्र में कुल 12 बैठकें होंगी और सरकार 18 फरवरी को विधानसभा में अपना पहला पेपरलेस बजट पेश करेगी।
राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरुआत
राज्यपाल मंगू भाई पटेल के विधानसभा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उनका स्वागत किया।

मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्रवाई की शुरुआत में संपूर्ण छह छंदों में वंदे मातरम् गायन के साथ हुई।

इसके बाद राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने अपने अभिभाषण में प्रदेश सरकार की विकास गाथा और जन कल्याणकारी योजनाओं के कारण आए बदलावों के बारे में बताया। राज्यपाल ने संकल्प पत्र 2023 में किए गए वादों पर सरकार ने कितना काम किया और आगामी लक्ष्यों के बारे में भी बताया।

राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए आरोप लगाया कि नल-जल योजना और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का मुद्दा भाषण में शामिल नहीं किया गया। इसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी, हालांकि हंगामे के बीच राज्यपाल ने अपना अभिभाषण जारी रखा।
राज्यपाल के सदन से जाने के बाद कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, जहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जो हिस्सा पढ़ा नहीं जा सका, उसे पढ़ा हुआ माना जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
BJP विधायक बोले राज्यपाल को भी नहीं बोलने देती कांग्रेस
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- राज्यपाल का जो अभिभाषण होता है। वह मध्य प्रदेश जनता के विकास और लोक कल्याण कारी योजनाओं का एक तरह से मसौदा होता है। इस पर कांग्रेस के नेताओं से प्रार्थना करूंगा कम से कम प्रदेश की जनता के हित में जो बातें मसौदा तैयार हुआ है। उसको सुनो तो उसकी अच्छाई बताओ कमियां बताओ राजपाल को भी नहीं बोलने देना यही तो लोकतंत्र का उपहास कर रही है। कांग्रेस अगर इस तरह लोकतंत्र का उपहास उड़ाएगी तो कांग्रेस पूरे प्रदेश और देश से छू हो जाएगी।
गोमांस और दूषित पानी पर विधायक महेश परमार ने सरकार को घेरा
तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री और राज्यपाल जी के नाक के नीचे गौ माताएं कट रही है। इंदौर में दूषित पानी पीने से 35 से 40 लोग मर गए हैं। कफ सिरप पीने से बच्चे मर रहे हैं। उसके बाद स्वयं मुख्य सचिव कह रहे हैं कि कलेक्टर लेनदेन किए बगैर काम नहीं करते। किस लिए राजपाल का भाषण राजपाल से झूठ का पुलिंदा बुलवाया गया है। उनकी सरकार पूरी तरह से फेल हो गई इसलिए हम विरोध कर रहे हैं और आगे भी लगातार पूरे प्रदेश में जारी रहे। जब तक कर्नल सोफिया का अपमान करने वाले मंत्री यहां बैठेंगे। कैलाश विजयवर्गीय ,राजेंद्र शुक्ला बैठेंगे जब तक इनका इस्तीफा नहीं होगा हम विरोध करते रहेंगे।
उमंग सिंघार-जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होने पहुंच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा। उमंग सिंघार ने कहा- ये बजट आम जनता की आवाज बने। बजट में घोषणाओं के बजाए हकीकत पर सरकार बात करें। बजट के अंदर की घोषणाओं की हकीकत के अंतर को हम साफ करेंगे। पुराने बजट के अंतर पर भी बात होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कर्ज पर श्वेत पत्र लाने की बात भी कही।

इधर, कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि 3 अपराधी मंत्रियों को बजट सत्र में बैठने का अधिकार नहीं है, इसके लिए मैंने सीएम से आग्रह किया था। विजय शाह जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अपराधी है इनको पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। जो दूसरे हैं, इंदौर में 35 मौत हो गई है तो फिर मंत्री पद पर कैसे हैं। इसके अलावा 26 मौतों के दोषी तीसरे हैं।
किसानों के मुद्दे पर आमने-सामने दोनों दल के विधायक
कांग्रेस विधायक सुजीत सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 1.60 लाख किसानों को बाहर किए जाने पर कहा कि सरकार धीरे-धीरे लाभार्थियों की संख्या घटा रही है। जिस पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसी भी किसान को बाहर नहीं किया गया है।
6 मार्च तक चलने वाले बजट सत्र में होंगी कुल 12 बैठकें
6 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में कुल 12 बैठकें निर्धारित। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण और कृतज्ञता प्रस्ताव होगा। 18 फरवरी को राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। सत्र के लिए कुल 3478 प्रश्नों की विधानसभा को सूचनाएं, 236 ध्यानाकर्षण, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 अशासकीय संकल्प पेश होंगे। शून्य काल में विधानसभा में 83 सवाल होंगे।

बजट सत्र को लेकर एमपी कांग्रेस विधायक दल की बैठक
बजट सत्र को लेकर एमपी कांग्रेस विधायक दल ने बैठक की। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ये बैठक बुलाई, जिसमें बजट सत्र के दौरान मोहन सरकार को घेरने की रणनीति और रूपरेखा तय की गई। बैठक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के भोपाल स्थित आवास पर हुई। इस बैठक में कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश से जुड़े जनहित के बड़े मुद्दों पर मंथन किया।
Varsha Shrivastava 
