कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के आश्वासन के बाद विधायक दिव्यराज सिंह ने समाप्त किया अनशन

तराई अंचल की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर जवा में विधायक दिव्यराज सिंह अनशन पर बैठे। कलेक्टर के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे में अनशन समाप्त हुआ।

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के आश्वासन के बाद विधायक दिव्यराज सिंह ने समाप्त किया अनशन

जवा। तराई अंचल की प्रमुख समस्याओं और प्रशासनिक स्तर पर लंबित मांगों को लेकर सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिव्यराज सिंह शुक्रवार को सीएफटी भवन जवा में अनशन पर बैठ गए। विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के साथ जवा एसडीएम पीयूष भट्ट और जनपद पंचायत जवा के सीईओ सुलभ सिंह पूसाम को हटाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।

विधायक के अनशन की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ। जिला पंचायत सीईओ और रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी सीएफटी भवन पहुंचे और विधायक से चर्चा की। इस दौरान तराई अंचल की समस्याओं और विधायक द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर विस्तार से बातचीत हुई।

विधायक दिव्यराज सिंह ने कहा कि जनता से जुड़े मामलों के निराकरण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र की लंबित समस्याओं का जल्द निराकरण करने और अधिकारियों के संबंध में की गई मांग पर उचित कार्रवाई की मांग रखी।

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दों और मांगों पर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।

प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे तक चला विधायक का अनशन समाप्त हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। अनशन समाप्त होने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि तराई अंचल की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन अब ठोस कदम उठाएगा।