भोपाल में 28वां डीजीपी कप डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, मीडिया बनाम पुलिस के बीच रोमांचक उद्घाटन मुकाबला
राजधानी के नेहरू नगर पुलिस लाइन मैदान में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित 28वें डीजीपी कप डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।
भोपाल। राजधानी के नेहरू नगर पुलिस लाइन मैदान में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित 28वें डीजीपी कप डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (SAF) चंचल शेखर ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, डीआईजी रियाज इकबाल, डीआईजी राजेश चंदेल, डीआईजी मोनिका शुक्ला, डीआईजी यूसुफ कुरैशी और पब्लिक वाणी मीडिया समूह के CMD मृगेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला मीडिया टीम और पुलिस प्रशासन के बीच खेला जा रहा है, जिसे लेकर मैदान पर उत्साह और रोमांच का माहौल बना हुआ है। नेहरू नगर पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे क्रिकेट प्रेमियों को शानदार खेल का आनंद मिलेगा।

लीग चरण की शुरुआत जीबी टीम और भोपाल पुलिस के बीच मुकाबले से हो रही है। डे-नाइट फॉर्मेट को ध्यान में रखते हुए मैदान पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

यह टूर्नामेंट 6 अप्रैल से 20 अप्रैल तक कुल 14 दिनों तक चलेगा, जिसमें 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें पुलिस के अलग-अलग विभागों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जिससे मुकाबले और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के सभी मैच लीग फॉर्मेट में खेले जाएंगे।
सभी 11 टीमें इस प्रकार हैं
- इंदौर जोन
- जीबी PHQ
- सागर जोन
- भोपाल पुलिस
- साइबर टेलीकॉम
- ईओडब्ल्यू लोकायुक्त
- ग्वालियर जोन
- स्पेशल ब्रांच
- एसएएफ भोपाल
- एसएएफ ग्वालियर
- जबलपुर जोन
Varsha Shrivastava 
