TET परीक्षा के विरोध में प्रदेशभर में शिक्षकों ने किया विरोध प्रदर्शन,CM के नाम सौंपा ज्ञापन
मध्यप्रदेश में शिक्षक संगठन ने TET परीक्षा आदेश के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन कर आदेश रद्द करने और सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका की मांग की।
भोपाल: शासकीय शिक्षक संगठन के प्रांतीय आव्हान पर 2 मार्च को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में शिक्षकों ने लोक शिक्षण के TET परीक्षा आदेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षक कलेक्टर कार्यालयों के सामने रैली, नारेबाजी और प्रदर्शन कर सरकार से आदेश तत्काल निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही अन्य राज्यों की तरह शिक्षक हित एवं संरक्षण के लिए मध्यप्रदेश सरकार से सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करने का आग्रह किया गया।

राजधानी में शिक्षकों का प्रदर्शन
भोपाल में संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश साहू के नेतृत्व में हजारों शिक्षक कलेक्ट्रेट कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने रैली और प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर भोपाल को सौंपा। इस दौरान संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल, राजेश साहू और अन्य कर्मचारी-शिक्षक संगठनों के नेता राकेश पटेल, राकेश पांडेय, सुभाष शर्मा, सतीश शर्मा ने सभा को संबोधित कर अपनी मांगों के तत्काल निराकरण की अपील की।
सरकार से शिक्षक हितों के लिए गुहार लगाई
उपेन्द्र कौशल ने चेतावनी दी कि आज ज्ञापन के माध्यम से सरकार से शिक्षक हितों के संरक्षण की गुहार लगाई गई है। यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो 29 मार्च को प्रदेश के सभी शिक्षक संघों की बैठक में शिक्षक संयुक्त मोर्चा का गठन कर आर-पार के आंदोलन की रणनीति घोषित की जाएगी।
संगठन ने यह भी बताया कि 15 से 28 मार्च के दौरान प्रदेशभर में सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश के 2 लाख शिक्षक परिवारों की नौकरी पर आए संकट का निराकरण करना और TET परीक्षा आदेश को निरस्त कराकर शिक्षक हित एवं संरक्षण सुनिश्चित करना है।

