खड़गे के अपमान के विरोध में भोपाल में कांग्रेस का सत्याग्रह, पटवारी के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च
मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में भोपाल में जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सत्याग्रह पैदल मार्च निकाला। हाथ में संविधान और अंबेडकर की प्रतिमा लेकर पहुंचे पटवारी।
भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर मध्यप्रदेश में सियासत तेज हो गई है. खड़गे ने राज्यसभा में इस घटना को अपने और दलित समाज के अपमान से जोड़ते हुए मुद्दा उठाया था. केंद्र सरकार की ओर से जांच का आश्वासन भी दिया गया है.

इसी मामले के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भोपाल में सत्याग्रह पैदल मार्च निकाला. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से अंबेडकर चौराहे तक मार्च किया.
हाथ में संविधान, साथ में अंबेडकर की प्रतिमा
मार्च के दौरान जीतू पटवारी के हाथ में संविधान की किताब और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा नजर आई. कांग्रेस नेताओं ने खड़गे के कथित अपमान को दलित समाज के सम्मान से जोड़ते हुए विरोध जताया. कांग्रेस का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी नेता के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता. पार्टी ने इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई.

हल्द्वानी में क्या हुआ था?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में रैली को संबोधित किया था. इसके बाद वहां कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम किए जाने की बात सामने आई. खड़गे ने राज्यसभा में इस घटना पर आपत्ति जताते हुए इसे अपमानजनक बताया.
मामले को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद में घटना को दुखद बताया और मामले की जांच का आश्वासन दिया है.
अब मध्यप्रदेश में भी गरमाई सियासत

हल्द्वानी की घटना के विरोध में भोपाल में निकले कांग्रेस के इस मार्च के जरिए पार्टी ने सामाजिक सम्मान और संविधान के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया.

