भोपाल में 15 जुलाई से शुरू होंगी इलेक्ट्रिक बसें
भोपाल में 15 जुलाई से शुरू होंगी इलेक्ट्रिक बसें 2 रुपए में तय होगा 1.5 KM का सफर
भोपाल: 15 जुलाई से 10 प्रमुख रूटों पर 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। ये सभी बसें 4 जुलाई तक भोपाल आ जाएंगी। आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल इन बसों में यात्री 1.5 किमी का सफर सिर्फ 2 रुपए में कर सकेंगे। खास बात यह है कि बसों का संचालन नगर निगम सीमा से बाहर मंडीदीप, सीहोर और औबेदुल्लागंज तक भी होगा। वर्ष के अंत तक शहर को कुल 100 ई-बसें मिलेंगी, जबकि अगले वर्ष 140 और बसें शामिल हो जाएंगी। इन ई-बसों में यात्री ‘चलो’ मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे। ऐप पर बसों की लाइव लोकेशन भी रहेगी, जिससे यात्रियों को बस स्टॉप पर अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सीहोर से रातापानी तक 68.5 किमी का सबसे लंबा रूट
सबसे लंबा रूट: 68.5 किमी लंबे सीहोर-रातापानी रूट पर बसें सीहोर, फंदा, चिरायु अस्पताल, बैरागढ़, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रोशनपुरा, वल्लभ भवन, बोर्ड ऑफिस, चूना भट्टी, मंदाकिनी चौराहा, बीमा कुंज और कजलीखेड़ा होते हुए रातापानी तक जाएंगी।
सबसे छोटा रूट: 32 किमी लंबे अचारपुरा इंडस्ट्रियल एरिया-बीडीए कॉलोनी रूट पर लांबाखेड़ा, करोंद, आरिफ नगर, संगम टॉकीज, रेलवे स्टेशन, सुभाष नगर, वल्लभ भवन, बोर्ड ऑफिस और आरकेएमपी स्टेशन होते हुए बीडीए कॉलोनी तक बस सेवा मिलेगी।

