CM डॉ. मोहन यादव का रतलाम दौरा, किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे भावांतर राशि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 28 दिसंबर को रतलाम जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान सीएम किसान कल्याण से जुड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम और छात्र संगठन के बड़े आयोजन में शामिल होंगे।
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 28 दिसंबर को रतलाम और इंदौर जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम रतलाम में अपने प्रवास के दौरान सीएम किसान कल्याण से जुड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम और छात्र संगठन के बड़े आयोजन में शामिल होंगे। इसके अलावा इंदौर में सीएम सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे साथ ही पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सुनेंगे। ये साल 2025 का आखिरी मन की बात कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री सबसे पहले जावरा पहुंचेंगे, जहां वे राज्य स्तरीय सोयाबीन भावांतर योजना कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम शासकीय भगत सिंह कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से 3.77 लाख किसानों के खातों में 810 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। बताया गया है कि भावांतर योजना के तहत अब तक 6.44 लाख किसानों को 1292 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
जावरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री दोपहर 12.40 बजे ग्राम सुजापुर पहुंचेंगे, जहां वे जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के पिता और पूर्व सांसद स्व. डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
जावरा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे रतलाम पहुंचेंगे, जहां वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के तीन दिवसीय प्रांत अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ भोपाल से मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी रतलाम आएंगे। वे प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम सहित जिले के अन्य स्थानीय आयोजनों में भी सहभागिता करेंगे।
सीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज इंदौर और रतलाम के दौरे पर रहेंगे
सुबह 10.30 बजे स्टेट हेंगर भोपाल से हेलीपेड लॉजी पार्क अर्जुन बड़ौदागांव, शिप्रा (वि.स. सांवेर) जिला इंदौर पहुंचेंगे
सुबह 10.35 सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे
सुबह 11 बजे स्थानीय कार्यक्रम- मन की बात सुनेंगे
12.15-12.45 दोपहर - हेलीपेड लॉजी पार्क अर्जुन बड़ौदागांव, शिप्रा से हेलीपेड बाराखेड़ा, तह. जावरा जिला रतलाम पहुंचेंगे
12.50-12.55 दोपहर - ग्राम शुजापुर, तह. जावरा जिला रतलाम में स्थानीय कार्यक्रम
01.30 दोपहर - शासकीय भगत सिंह कॉलेज, जावरा, जिला रतलाम में भावांतर सम्मेलन
02.30-02.35 दोपहर - हेलीपेड बाराखेड़ा, तह. जावरा जिला रतलाम पहुंचेंगे
02.40-02.55 दोपहर हेलीपेड बाराखेड़ा, जावरा से हेलीपेड बंजली, जिला रतलाम पहुंचेंगे
03.00-03.10 दोपहर रूद्र पैलेस रतलाम में, स्थानीय कार्यक्रम
04.15-05.15 शाम हेलीपेड बंजली से स्टेट हेंगर भोपाल पहुंचेंगे
pushpendra 
