नशीली कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
रामपुर बाघेलान पुलिस की कार्रवाई: कोडीन युक्त कफ सिरप बेचते पकड़ा गया युवक, एनडीपीएस एक्ट में भेजा गया जेल
सतना। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे आईजी रीवा जोन के निर्देश पर ऑपरेशन-प्रहार-2 के तहत कार्रवाई करते हुए रामपुर बाघेलान पुलिस ने नशीली कफ सिरप के सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में रामपुर बाघेलान टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि सोमवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि तिउनी गांव का युवक छिरहा नाला चोरमारी के पास नशे के लिए प्रयुक्त की जाने वाली दवाएं फुुटकर तौर पर बेंच रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी गौरव तिवारी पिता शिवकांत तिवारी निवासी तिउनी को धर दबोचा। आरोपी के पास से मिले काले रंग के थैले की तलाशी ली गई। थैले में 12 शीशी कोडीन फास्फेट युक्त ऑनरेक्स कम्पनी की कफ सिरप मिली। सिरप जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। आरोपी गौरव के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में एएसआई प्रेम शंकर द्विवेदी, प्रधान आरक्षक अमर बहादुर सिंह, आरक्षक जयपाल ठाकुरिया, बृजेश शामिल रहे।
Varsha Shrivastava 
