सतना: युवक से लूट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, मोबाइल और चांदी की ब्रेसलेट बरामद
रास्ता रोककर युवक से लूट, सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए तीन आरोपी, बाइक-मोबाइल फोन और चांदी की ब्रेसलेट बरामद
सतना। कोलगवां थाना पुलिस ने युवक से मारपीट कर मोबाइल फोन और चांदी की ब्रेसलेट लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, चांदी की ब्रेसलेट और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
रास्ता रोककर मारपीट की और लूटकर फरार हुए
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि कृष्ण नगर वार्ड क्रमांक-24, मुरली भवन के पीछे रहने वाले कन्हैया लाल सोंधिया (42) 5 जुलाई की रात करीब पौने एक बजे सेमरिया चौराहा से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कृष्ण नगर में ओम स्पोर्ट्स के पास पीछे से बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की और उनके पास रखा मोबाइल फोन और हाथ में पहनी चांदी की ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने कोलगवां थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई
घटना के बाद पीड़ित ने कोलगवां थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 309(6) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
जांच के दौरान सोमवार को पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर द्विवेदी उर्फ छोटू पंडित पिता उमेश द्विवेदी निवासी कररिया, थाना सेमरिया जिला रीवा (हाल निवासी सिद्धार्थ नगर थाना कोलगवां), सचिन कुशवाहा पिता जगन्नाथ कुशवाहा निवासी गोविंदगढ़ जिला रीवा (हाल निवासी शुक्ला बरदाडीह थाना कोलगवां) और रोहित रजक पिता राधिका रजक निवासी ऐरा थाना रामपुर बाघेलान (हाल निवासी शुक्ला बरदाडीह थाना कोलगवां) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई चांदी की ब्रेसलेट, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-17 एमएस-9651 जब्त कर ली है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
Varsha Shrivastava 
