MP Weather:मध्यप्रदेश में बदला मौसम, भोपाल-इंदौर भीगे, 22 जिलों में लू का अलर्ट

मध्यप्रदेश में मौसम दोहरे रूप में नजर आ रहा है,कहीं बारिश से राहत तो कहीं लू का कहर जारी है। अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं, लेकिन गर्मी का असर अभी पूरी तरह खत्म होने वाला नहीं है।

MP Weather:मध्यप्रदेश में बदला मौसम, भोपाल-इंदौर भीगे, 22 जिलों में लू का अलर्ट

भोपाल:मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट बदल ली। रविवार शाम महू में तेज बारिश हुई, जबकि भोपाल के कई इलाकों में हल्की दर्ज की गई। सीहोर और रतलाम में अच्छी बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से थोड़ी राहत दी। हालांकि यह राहत पूरे प्रदेश में एक जैसी नहीं है।

एक तरफ बारिश, दूसरी तरफ 22 जिलों में लू का अलर्ट

मौसम का मिजाज इस समय पूरी तरह बंटा हुआ नजर आ रहा है। जहां कुछ इलाकों में बादल और बारिश सक्रिय हैं, वहीं 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी है।ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, रायसेन, नर्मदापुरम, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर समेत कई जिलों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।

अगले 3 दिन-गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से अगले तीन दिन प्रदेश में आंधी-गरज के साथ बारिश का दौर चल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई संभागों में बादल सक्रिय रहेंगे और तापमान में हल्की गिरावट संभव है।

बारिश से पहले पारा 44°C के पार

बारिश से ठीक पहले प्रदेश में गर्मी चरम पर थी। छतरपुर का खजुराहो सबसे ज्यादा तपता रहा, जहां तापमान 44.6 डिग्री दर्ज हुआ। रतलाम, दतिया, धार और नौगांव जैसे शहरों में भी पारा 44 डिग्री के आसपास रहा। बड़े शहरों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच रहा।

अप्रैल के अंत में फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने 28-29 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। इससे गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है, लेकिन लू का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा।इस साल बार-बार बदल रहा मौसमइस साल मौसम का पैटर्न असामान्य रहा है। फरवरी और मार्च में कई बार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला, जिससे फसलों को नुकसान हुआ। मार्च के अंत तक भी कई जिलों में मौसम ने बार-बार करवट बदली, जो अब अप्रैल के आखिर में भी जारी है।

इंदौर में भी हुई बारिश

इंदौर में रविवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज गर्मी और 40 डिग्री तापमान से परेशान लोगों को उस समय राहत मिली, जब शाम 4 बजे के बाद काले बादल छा गए और शहर के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने तापमान गिरा दिया, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।