Indore: चलती कार पर गिरा भारी-भरकम पेड़, डिप्टी कलेक्टर की मां की मौत
बारिश के बीच दर्दनाक हादसा: इंदौर में कार पर गिरा पेड़, अंदर ही मुड़ी महिला की गर्दन; डिप्टी कलेक्टर की मां की मौके पर मौत, बहन-जीजा घायल, हादसे के वक्त डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी मीटिंग में थी
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार शाम तेज बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। एमजी रोड थाना क्षेत्र के जेल रोड पर चलती कार के ऊपर अचानक एक भारी-भरकम पुराना पेड़ गिर गया। हादसे में कार में सवार 75 वर्षीय राधा देवी सिंघी की मौत हो गई। राधा देवी डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां थीं। हादसे में उनके साथ मौजूद बहन और जीजा के घायल होने की जानकारी है। कार चालक के भी घायल होने की बात सामने आई है।

चलती कार पर अचानक गिरा पेड़
जानकारी के मुताबिक, राधा देवी सिंघी अपनी बेटी-दामाद के साथ कार से सेंट्रल जेल के सामने जेल रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान आगे-पीछे चल रही कारों के बीच अचानक सालों पुराना इमली का पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ सीधे कार पर जा गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि राधा देवी की गर्दन कार के अंदर ही मुड़ गई और सिर में भी गंभीर चोट आई।

पुलिस और निगम ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। पुलिस विभाग की एफआरबी मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस में देरी होने के चलते पुलिस वाहन से भी घायल को अस्पताल ले जाने की जानकारी है। इसके बाद पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से पेड़ हटाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

बैठक में थीं डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी
हादसे के वक्त डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में मौजूद थीं। घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने बैठक निरस्त कर अधिकारियों को मौके पर भेजा। एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक राधा देवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बारिश के बीच हादसे ने बढ़ाई चिंता
इंदौर में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 22 इंच बारिश दर्ज की गई है। बारिश के दौरान पेड़ गिरने की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुराने पेड़ों की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
Varsha Shrivastava 
