Mauganj में भीषण हादसा: खड़ी बुलेट को ट्रक ने मारी टक्कर, दोनों वाहन बने आग का गोला
मऊगंज हाईवे पर आधी रात को ट्रक-बुलेट की जोरदार भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, 3 घंटे तक धधकती रही लपटें
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज जिला मुख्यालय से गुजरने वाले नेशनल हाईवे मार्ग पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने हाईवे किनारे खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरा हाईवे लपटों से घिर गया। करीब तीन घंटे तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही। इस हादसे में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, हालांकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
ट्रक चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान
जानकारी के अनुसार, यह घटना मऊगंज कस्बे के वार्ड क्रमांक 5 क्षेत्र की है। वार्ड निवासी सत्येंद्र गुप्ता अपनी बुलेट बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बाइक को हाईवे किनारे खड़ा किया और लघुशंका के लिए कुछ दूरी पर चले गए। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में तुरंत आग भड़क उठी और कुछ ही सेकंड में लपटें ट्रक तक पहुंच गईं। हादसे के बाद ट्रक चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गया। वहीं बाइक मालिक सत्येंद्र गुप्ता भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद अन्नु खान मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
फायरकर्मी यार मोहम्मद ने बताया कि आग काफी भीषण थी, डीजल और पेट्रोल के कारण लपटें लगातार बढ़ रही थीं।
करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। तब तक बुलेट और ट्रक दोनों पूरी तरह जल चुके थे। फिलहाल पुलिस द्वारा विधिक रूप से पूरी घटना की जांच की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
