अब आसान नहीं होगा छुट्टी लेना, टीचर्स को करना होगा ऑनलाइन आवेदन
रीवा जिले में बिना ऑनलाइन आवेदन के छुट्टी नहीं दी जाएगी। शिक्षकों की छुट्टी का आवेदन अब “हमारे शिक्षक” ऐप से ऑनलाइन करना जरूरी कर दिया गया है।
रीवा जिले के स्कूलों में काम करने वाले शिक्षकों के लिए अब छुट्टी लेना आसान नहीं होगा। अब अगर किसी शिक्षक को अवकाश चाहिए, तो उसे “हमारे शिक्षक” ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बिना ऑनलाइन आवेदन के छुट्टी मंजूर नहीं होगी।
इस बारे में लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं। पहले कई शिक्षक और कुछ प्राचार्य छुट्टी के लिए सिर्फ कागज पर आवेदन दे देते थे या बिना बताए ही छुट्टी पर चले जाते थे। कई बार तो प्राचार्य बिना किसी को जिम्मेदारी दिए ही स्कूल से गायब हो जाते थे।

मनमानी पर लगेगी रोक
अब ऑनलाइन सिस्टम आने से ये पता चल जाएगा कि कौन शिक्षक कब छुट्टी पर है। अगर छुट्टी के दौरान स्कूल का निरीक्षण न हो, तब भी रिकॉर्ड में सब साफ दिखाई देगा। इससे शिक्षकों की मनमानी कम होगी।
ई-अटेंडेंस भी जरूरी
सरकार ने पहले ही शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस शुरू कर दी है। अब ज्यादातर शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी लगा रहे हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि जो शिक्षक ई-अटेंडेंस नहीं लगाएंगे, उनका वेतन रोका जा सकता है। इसके बाद शिक्षक इस सिस्टम का पालन कर रहे हैं।

फरवरी से अप्रैल तक नहीं मिलेगी छुट्टी
फरवरी महीने से बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसी वजह से सरकार ने शिक्षकों और परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। फरवरी से अप्रैल तक जिन शिक्षकों की परीक्षा ड्यूटी लगी है, वे छुट्टी नहीं ले सकेंगे।
इसी वजह से कई शिक्षक जनवरी महीने में अपनी बची हुई छुट्टियों के लिए आवेदन कर रहे हैं।
Saba Rasool 
