मध्यप्रदेश मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं से की जनसुनवाई

मध्यप्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही।

मध्यप्रदेश मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं से की जनसुनवाई
GOOGLE

मध्यप्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जनसुनवाई के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल द्वारा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की एक अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश शासन के मंत्रीगण पार्टी की भावना और कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं के अनुरूप प्रत्येक माह निर्धारित दिवस पर प्रदेश कार्यालय में उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं से संवाद करें। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं को सुनना, समझना और उनके समाधान हेतु यथासंभव ठोस प्रयास करना है।

उन्होंने बताया कि “सहयोग सेल” के रूप में शुरू की गई यह पहल अत्यंत प्रभावशाली सिद्ध हो रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अभी से दिखाई देने लगे हैं। कार्यकर्ताओं में इस व्यवस्था को लेकर उत्साह और संतोष है और बड़ी संख्या में लोग अपनी बात रखने हेतु भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंच रहे हैं।

मंत्रियों के व्यस्त कार्यक्रम, बैठकों और क्षेत्रीय दौरों के बावजूद अब कार्यकर्ताओं को यह स्पष्टता मिल गई है कि किस दिन और किस स्थान पर मंत्री से भेंट संभव है। यह पहल संगठन और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए मध्यप्रदेश शासन के मंत्रीगणों को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।