रीवा बाजार में हड़कंप! दो बड़े सर्राफा दुकानों पर GST की छापेमारी
रीवा में GST विभाग ने दो फेमस सर्राफा व्यापारियों की दुकानों और घरों पर छापा मारकर डक्युमेंट्स की जांच शुरू की है।
नए साल की शुरुआत में ही GST विभाग ने रीवा शहर में बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे GST की टीम ने एक साथ शहर के दो बड़े और पुराने सर्राफा कारोबारियों की दुकानों और घरों पर छापा मारा। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया।
GST की एंटी-एवेजन टीम फोर्ट रोड इलाके में मौजूद दो दुकानों पर पहुंची। इनमें न्यू गुप्ता गोल्ड पैलेस (सिंघाड़ा वाले), जिसके मालिक रामकुमार गुप्ता हैं, और दूसरा गुप्ता ऑर्नामेंट्स हाउस, जिसके मालिक पी.के. गुप्ता हैं।
शुरुआत में दुकानदारों ने टीम को आम ग्राहक समझा, लेकिन जैसे ही टीम ने खुद को GST एंटी-एवेजन बताया, वहां अफरा-तफरी मच गई। GST विभाग को शक है कि दोनों व्यापारी अपने असली कारोबार की तुलना में GST रिटर्न में कम टर्नओवर दिखा रहे थे। इसी शक के बेसिस पर दुकानों के साथ-साथ उनके घरों पर भी कार्रवाई की गई।
फिलहाल GST टीम दुकानों में मौजूद सोने-चांदी के स्टॉक की गिनती कर रही है और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, बिल-बुक और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कर चोरी की सही रकम सामने आ सकेगी।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पिछले महीने रीवा जिले के चार अलग-अलग जगहों पर GST विभाग इसी तरह की कार्रवाई कर चुका है।
Saba Rasool 
