मैहर में सांप के काटने से सगे भाई-बहन की मौत, परिवार में पसरा मातम

बहन ने मैहर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि भाई की सतना जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

मैहर में सांप के काटने से सगे भाई-बहन की मौत, परिवार में पसरा मातम

मैहर। जिले में गुरुवार को सांप के काटने से भाई-बहन की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बहन ने मैहर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि भाई की सतना जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है।

बहन के घर आया था भाई

जानकारी के अनुसार, राजेश चौधरी (45 वर्ष), पिता जीवनलाल चौधरी, निवासी खरमसेड़ा, अमरपाटन अपनी बहन कल्लू चौधरी (50 वर्ष), पति जतन चौधरी, निवासी कोठी, मैहर के घर आए हुए थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे दोनों घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सांप ने पहले बहन को और फिर भाई को काट लिया।

भाई-बहन की कुछ ही घंटों में मौत

कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें चक्कर आने लगे। परिजन तत्काल दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान कल्लू चौधरी की मौत हो गई। वहीं राजेश चौधरी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल सतना रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के भाई-बहन की कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई मौत से पूरे गांव और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।