पिस्टल के साथ रेंजर के ड्राइवर का फोटो-वीडियो वायरल, जांच की मांग
वन विभाग से जुड़े एक रेंजर के ड्राइवर का पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
गंजबासौदा: वन विभाग से जुड़े एक रेंजर के ड्राइवर का पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वायरल तस्वीरों और वीडियो में संबंधित व्यक्ति हथियार के साथ नजर आ रहा है, जिससे क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सामग्री की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि फोटो और वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार लाइसेंसी है या नहीं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले को लेकर वन विभाग और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर कई लोग मामले की जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि यदि हथियार वैध है तो संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके।
रेंजर ने कहा मेरा नहीं है शस्त्र
गंजबासौदा वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रियंका रघुवंशी का वाहन चालक बताया जा रहा है इस संबंध में जब रेंजर प्रियंका रघुवंशी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह वीडियो उनके लाइसेंसी शासकीय शस्त्र का नहीं है, चालक को इस तरह के हथियार रखने का शौक है लेकिन यह वीडियो पुराना हो सकता है | इस संबंध में मुझे और अधिक जानकारी नहीं है| वायरल हुए इस फोटो वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि जो पिस्टल युवक हाथ में लिए हुए हैं उसका पिस्टल कवर भी शासकीय दिख रहा है जो आमतौर पर शासकीय सेवकों को आत्मरक्षा के लिए दिए जाते हैं।

फिलहाल वायरल फोटो और वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं संबंधित विभाग या पुलिस की ओर से भी कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस मामले में कार्यवाही प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जांच में कोई तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा और जिज्ञासा का केंद्र बना हुआ है।

