मध्यप्रदेश में बदला मौसम: कई जिलों में बारिश-ओले, तेज आंधी का अलर्ट
मध्यप्रदेश में ओले-बारिश और तेज आंधी का दौर शुरू हो गया है, जिससे कई जिलों में गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और ओलों की संभावना जताई है।
मध्यप्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। राज्य में ओले-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। 4 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में बारिश हुई, जबकि 9-10 जिलों में ओले गिरे। वहीं मौसम विभाग ने राज्य में कुछ दिनों तक तूफान, बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है।
मार्च के महीने में जहां मई जैसी गर्मी देखने को मिली, तो वहीं अप्रैल के शुरू होते ही राज्य में बारिश के मौसम का एहसास होने लगा है। ठंडा मौसम, हल्की बारिश और ओलों से कई जिलों में गर्मी से राहत मिली है।

अगले 24 घंटे के अंदर पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और पांढुर्णा में बारिश, आंधी और ओलों का दौर जारी रहेगा। साथ ही इन जिलों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने का भी अनुमान है।

प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हो गया है। राजधानी भोपाल में भी मौसम बदल रहा है। वहीं सीहोर, विदिशा, रतलाम, रायसेन समेत 20 जिलों में बारिश हुई है, तो वहीं कहीं-कहीं तेज आंधी भी चली।
वहीं बैतूल, श्योपुर, मुरैना में बीते दिन ओले गिरे। मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल तक कई जिलों में तेज आंधी का दौर जारी रहेगा। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहेगी।


