भोपाल डीबी मॉल करंट हादसा: नगर निगम सहायक यंत्री सुमित सिंह निलंबित
स्ट्रीट लाइट के खंभे में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से 29 वर्षीय अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की मौत हुई थी। हादसे के बाद नगर निगम विद्युत शाखा के प्रभारी सहायक यंत्री सुमित सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
भोपाल। डीबी मॉल के सामने अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से हुई मौत के मामले में नगर निगम की विद्युत शाखा के प्रभारी सहायक यंत्री सुमित सिंह को निलंबित कर दिया गया है। घटना के बाद नगर निगम की विद्युत व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं और मामले में जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।

दरअसल, भोपाल में डीबी मॉल के सामने स्ट्रीट लाइट के खंभे में दौड़ रहे हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आने से 29 वर्षीय युवा अधिवक्ता और भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई थी। हादसे के बाद नगर निगम और विद्युत व्यवस्था की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हुए।
सीएम के निर्देश के बाद जांच कमेटी गठित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को मामले की जांच और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की।
शहर में खुले तारों और केबल को लेकर सवाल
डीबी मॉल के सामने हुए हादसे के बाद भोपाल की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, वीआईपी रोड, नर्मदापुरम रोड समेत शहर के कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट के पोल के आसपास खुले केबल और बाहर निकले तार दिखाई देने की बात सामने आई है।
इन रास्तों से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ऐसे में हादसे के बाद खुले तारों और स्ट्रीट लाइट के पोल की तत्काल जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब सुमित सिंह के निलंबन के बाद मामले में आगे की जांच और कार्रवाई पर नजर है। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि हादसे के लिए जिम्मेदारी किस स्तर पर तय होती है।

