Vrindavan Keli Kunj Ashram : संत प्रेमानंद से दीक्षा लेकर 16 साल का लड़का गायब, मां-बाप बोले- मेरा बेटा वापस कर दो...

Vrindavan Keli Kunj Ashram : परिजनों के मुताबिक, गायब लडके का नाम अनुज चौधरी है। वह हाथरस के बारामई खेड़ा गांव का रहने वाला है। परिजनों ने कहा कि जब तक अनुज नहीं मिलता, वे आश्रम के बाहर से नहीं हटेंगे।

Vrindavan Keli Kunj Ashram : संत प्रेमानंद से दीक्षा लेकर 16 साल का लड़का गायब, मां-बाप बोले- मेरा बेटा वापस कर दो...

Vrindavan Keli Kunj Ashram : वृंदावन। प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की आत्महत्या का मामला अभी सुलझा नहीं था। इसी बीच एक और आश्रम से जुड़ा विवाद सामने आ गया है। हाथरस का रहने वाला 16 साल का लड़का तीन महीने से लापता है। शुक्रवार को उसके मां-बाप और परिवार के लोग वृंदावन पहुंचे। उनका दावा है कि बेटे ने तीन महीने पहले केलीकुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा।

जब तक अनुज नहीं मिलता तब तक नहीं हटेंगे 

परिजनों के मुताबिक, लड़के का नाम अनुज चौधरी है। वह हाथरस के बारामई खेड़ा गांव का रहने वाला है। परिजन सुबह 11 बजे से आश्रम के बाहर धरने पर बैठे हैं। इनमें अनुज के पिता राजवीर सिंह, मां, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के अन्य लोग शामिल हैं। परिवार ने साफ कहा कि जब तक अनुज नहीं मिलता, वे आश्रम के बाहर से नहीं हटेंगे।

पिता ने बताया- दीक्षा के बाद गायब हो गया

पिता राजवीर सिंह ने बताया कि अनुज का वृंदावन के पास पानीगांव में ननिहाल है। वहां रहते हुए वह संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए केली कुंज आश्रम जाने लगा। कुछ समय बाद उसने दीक्षा लेने का मन बनाया। करीब तीन महीने पहले मां को मनाकर उसने दीक्षा ले ली। दीक्षा के बाद वह पांच दिन घर पर रहा। फिर कहा कि महाराज जी के दर्शन करने जा रहा है। वह कंठी-माला और तीन किताबें लेकर निकला। इसके बाद तीन महीने बीत गए, लेकिन न तो उसकी शक्ल देखी और न ही कोई बात हुई। राजवीर ने कहा कि चार बेटियों के बीच अनुज उनका इकलौता बेटा है। वह पढ़ाई करता था और इस साल इंटर में था।

दादी का आरोप- आश्रम वालों ने धक्का दिया

अनुज की दादी मुन्नी ने बताया कि 25 तारीख को दीक्षा लिए तीन महीने पूरे हो गए। दीक्षा के बाद वह घर आया था। फिर कहा कि प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने जा रहा है और आश्रम चला गया। उसके बाद से कोई हाल-चाल नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि जानकारी लेने के लिए परिवार आश्रम पहुंचा, लेकिन वहां के लोगों ने बात नहीं सुनी और धक्का देकर बाहर निकाल दिया। कैमरे की रिकॉर्डिंग दिखाने की मांग भी पूरी नहीं हुई। आश्रम की ओर से सिर्फ यही कहा गया कि अनुज साधना में है और वापस आ जाएगा।

पुलिस पहुंची, आश्रम ने कहा- अनुज यहां नहीं

आश्रम के बाहर धरने की सूचना पर वृंदावन पुलिस पहुंची। सीओ संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने परिजनों से बात की। पुलिस टीम आश्रम के अंदर गई। आश्रम का एक साधक बाहर आकर बोला कि सेवादारों के ग्रुप में अनुज की फोटो भेजी गई है। गुरु पूर्णिमा के दौरान भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन पता नहीं चला। आश्रम प्रबंधन मदद के लिए तैयार है। परिजन इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए।

सादाबाद में मुकदमा पहले से दर्ज

सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि अनुज के लापता होने को लेकर सादाबाद में मुकदमा दर्ज है। आश्रम में दीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड चेक किए जा रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है। परिवार की आखिरी बात अनुज से 3 तारीख की सुबह फोन पर हुई थी। इसके बाद कोई संपर्क नहीं हो पाया। परिवार की मांग है कि उनका बच्चा वापस मिले।