Ujjain Cylinder Blast : सिगरेट पीने माचिस जलाई... LPG सिलेंडर में ब्लास्ट, गैस एजेंसी का कर्मचारी झुलसा
Ujjain Cylinder Blast : उज्जैन के कानिपुरा स्थित तिरुपति धाम कॉलोनी में किराए के कमरे में अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट में 24 वर्षीय युवक झुलस गया।
Ujjain Cylinder Blast : मध्य प्रदेश। उज्जैन के कानिपुरा स्थित तिरुपति धाम कॉलोनी में शनिवार सुबह एक गंभीर हादसा हो गया। किराए के कमरे में अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट में 24 वर्षीय युवक 70 प्रतिशत तक झुलस गया। धमाका इतना तेज था कि मकान के कमरे की एक तरफ की दीवार क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गई। झुलसे युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया है।
रातभर गैस लीकेज की आशंका
जानकारी के अनुसार कमरे में रातभर से एलपीजी गैस सिलेंडर से लीकेज हो रहा था। इससे पूरे कमरे में गैस भर गई थी। सुबह जैसे ही संदीप ने सिगरेट सुलगाने के लिए माचिस की तीली जलाई, हवा में फैली गैस ने तुरंत आग पकड़ ली। भयानक धमाका हो गया और संदीप आग की चपेट में आ गया।
धमाके की आवाज से लोग सहमे, साथी बचा
संदीप के साथ कमरे में उसका साथी देवीलाल भी रहता था। गनीमत रही कि हादसे के समय देवीलाल बाथरूम के अंदर मौजूद था। इस कारण वह धमाके की सीधी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मौके पर पहुंचे।
शिप्रा गैस एजेंसी में काम करता था संदीप
पीड़ित संदीप मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। वह करीब 20 दिन पहले ही उज्जैन आया था। तिरुपति धाम कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वह शहर की शिप्रा गैस एजेंसी में सिलेंडर डिलीवरी और फिटिंग का काम करता था।
गंभीर हालत में इंदौर रेफर, पुलिस जांच में
ब्लास्ट के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिचितों की मदद से संदीप को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि बेहतर इलाज के लिए उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस जांच कर रही है।

