राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल पहुंचे इंदौर प्रेस क्लब : मीडिया कर्मियों के साथ की 'चाय पर चर्चा'
सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि आज का दौर सूचना और सोशल मीडिया का युग है। जनता हर तथ्य से अच्छी तरह वाकिफ है। एक समय ऐसा भी था जब चुनाव आयोग में आयुक्तों की नियुक्ति के पारदर्शी नियम नहीं थे।
इंदौर। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल इंदौर प्रवास के दौरान इंदौर प्रेस क्लब पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया कर्मियों के साथ 'चाय पर चर्चा' की। इस दौरान उन्होंने अपने पत्रकारिता के अनुभवों को साझा करने के साथ-साथ देश में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, संवैधानिक संस्थाओं की साख और Gen Z से जुड़े कई समसामयिक मुद्दों पर पत्रकारों के सवालों के बेबाकी से जवाब दिए।
चुनाव आयोग और विपक्ष के आरोपों पर साफ जवाब
चुनाव आयोग और विपक्ष के आरोपों पर अपनी बात रखते हुए राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि आज का दौर सूचना और सोशल मीडिया का युग है, जहां जनता हर तथ्य से अच्छी तरह वाकिफ है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब चुनाव आयोग में आयुक्तों की नियुक्ति के पारदर्शी नियम नहीं थे और सेवानिवृत्ति के बाद पदों के आवंटन का इतिहास भी सभी के सामने है।
ईवीएम-वीवीपैट में कोई मिसमैच नहीं मिला
सांसद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में सुधार एक निरंतर प्रक्रिया है। ईवीएम के साथ वीवीपैट की व्यवस्था लाई गई और उनकी पर्चियों का मिलान भी किया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम और वीवी पैट की गिनती में एक भी मिसमैच सामने नहीं आया है और न ही इसे लेकर कोई इलेक्शन पिटीशन दायर की गई है।
संवैधानिक संस्थाओं पर हमले को अनुचित बताया
संवैधानिक संस्थाओं पर विपक्ष के हमलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब फैसले अपने पक्ष में न आएं, तो सुप्रीम कोर्ट, जजों, चुनाव आयोग या संसद जैसी संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। आज का समाज सूचना-समृद्ध और तर्कशील है, जहां डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए हर बात पूरी पारदर्शिता के साथ देश के सामने है।

