भोपाल में आज गूंजें 150 माउथ ऑर्गन : बॉलीवुड सांग्स पर दी प्रस्तुति, हारमोनिका वादकों ने बनाया रिकॉर्ड

Indian Mouth Organ Players Meet : मुख्यमंत्री की मौजूदगी में तीन प्रस्तुतियां दी गई थी जिसको उन्होंने खूब सराहा था। आयोजको के अनुसार दो दिनों तक मिंटो हॉल में ग्रुप सोंग्स,अभंग और बॉलीवुड सॉन्ग की प्रस्तुतियां दी गई।

भोपाल में आज गूंजें 150 माउथ ऑर्गन : बॉलीवुड सांग्स पर दी प्रस्तुति, हारमोनिका वादकों ने बनाया रिकॉर्ड

Indian Mouth Organ Players Meet : मध्य प्रदेश। झीलों की नगरी भोपाल में दो दिनों से चल रहे देश के प्रतिष्ठित ‘इंडियन माउथ ऑर्गन प्लेयर्स मीट (IMP 2026)’ का आज समापन हुआ। कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस 13वें राष्ट्रीय समागम के समापन अवसर पर देशभर से आए 150 से अधिक हारमोनिका वादकों ने एक साथ प्रस्तुति देकर आयोजन को यादगार बना दिया।  मुख्यमंत्री की मौजूदगी में तीन प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उन्होंने खूब सराहा।

150 वादकों की सामूहिक प्रस्तुति सबसे बड़ा आकर्षण

समापन दिवस का सबसे विशेष आकर्षण 150 माउथ ऑर्गन वादकों की सामूहिक प्रस्तुति रही। सभी कलाकारों ने तीन लोकप्रिय गीतों - ‘याद किया दिल ने कहाँ हो तुम’, ‘लकड़ी की काठी’ और ‘है अपना दिल तो आवारा’ - की मेडली एक साथ प्रस्तुत की। देश के विभिन्न राज्यों से आए 150 कलाकारों का एक साथ, एक ही सुर और ताल में इन गीतों को प्रस्तुत करना दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। लगभग 27 हारमोनिका वादकों ने लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ भी प्रस्तुतियाँ दीं।

2012 में 50 प्रतिभागियों से शुरू हुआ सफर

इंडियन माउथ ऑर्गन प्लेयर्स मीट का पहला आयोजन वर्ष 2012 में कोलकाता में हुआ था, जिसमें लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। वर्ष 2026 में भोपाल में आयोजित 13वें संस्करण तक यह आयोजन 16 राज्यों के 184 प्रतिभागियों को एक मंच पर लाने वाला राष्ट्रीय समागम बन चुका है। दो दिवसीय आयोजन में सोलो, ग्रुप, ऑर्केस्ट्रा और कराओके सहित विभिन्न प्रारूपों में 149 संगीतमय प्रस्तुतियाँ हुईं। 10 वर्ष के बाल कलाकार से लेकर 87 वर्ष के वरिष्ठ वादक तक शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, जयपुर ने 2027 की दावेदारी

कार्यक्रम का शुभारंभ 2 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंत्री कृष्णा गौर भी मौजूद रहीं। समापन समारोह के दौरान जयपुर से आए हारमोनिका वादकों ने वर्ष 2027 के आयोजन की मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। देशभर से आए प्रतिभागियों ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया।

संगीत के साथ पर्यटन को भी मिला प्रोत्साहन

भोपाल में आयोजित इस राष्ट्रीय समागम का प्रभाव संगीत मंच से आगे भी दिखा। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने भोपाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। कई प्रतिभागियों ने मध्य प्रदेश की कलाकृतियाँ, हस्तशिल्प और वस्त्र भी खरीदे। इस प्रकार IMP 2026 ने संगीत के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को भी बढ़ावा दिया।

हारमोनिका पैशन ग्रुप की 16 साल की यात्रा

आयोजकों ने बताया कि उन्होंने भोपाल के शाहपुरा स्थित जागर्स पार्क से 2010 में हारमोनिका पैशन ग्रुप की शुरुआत की थी। उस समय विजय त्रिवेदी, डॉ. नकुल धगट और सुरेश सोनी शामिल थे। 16 सालों से लगातार इस संगीत परिवार में बढ़ोतरी हो रही है। आज ग्रुप में 10 से 87 वर्ष तक के वरिष्ठ नागरिकों के साथ युवा विद्यार्थी शामिल हैं।

HPG भोपाल की 16 साल की मेहनत रंग लाई

हार्मोनिका पैशन ग्रुप (HPG), भोपाल की स्थापना वर्ष 2010 में हुई थी। तब से यह समूह माउथ ऑर्गन संगीत के प्रचार-प्रसार और वादकों को एक मंच पर लाने के लिए सक्रिय रहा है। संस्कृति विभाग और मध्य प्रदेश पर्यटन के सहयोग से यह आयोजन सफल हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

माउथ ऑर्गन की खोई लोकप्रियता वापस लाने का प्रयास

हारमोनिका, जिसे आमतौर पर माउथ ऑर्गन कहा जाता है, 1960 और 1970 के दशक में भारतीय फिल्म संगीत का महत्वपूर्ण हिस्सा था। अनेक प्रसिद्ध संगीतकारों और वादकों ने इसे लोकप्रिय बनाया। लेकिन बदलते जमाने के साथ इस म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट की लोकप्रियता कम हो गई। 2012 में इसकी वापसी के लिए काम शुरू किया गया। अब तक इस तरह की 13 मीट आयोजित हो चुकी हैं, जिनमें देश भर के हारमोनिका वादक हिस्सा लेने आते हैं। भोपाल में यह पहली बार आयोजित की गई है।