MP बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं शुरू, 7 लाख स्टूडेंट शामिल, नकल रोकने के लिए कड़ी निगरानी

मध्य प्रदेश में आज से एमपी बोर्ड 12वीं की परीक्षाओं की शुरुआत हो गई है। प्रदेशभर में बनाए गए 3,856 परीक्षा केंद्रों पर करीब 7 लाख विद्यार्थी पहला पेपर दे रहे हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की भीड़ देखने को मिली। सभी परीक्षाएं निर्धारित समय अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही हैं।

MP बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं शुरू, 7 लाख स्टूडेंट शामिल, नकल रोकने के लिए कड़ी निगरानी

भोपाल: मध्य प्रदेश में आज से एमपी बार्ड 12वीं की परीक्षाओं की शुरुआत हो गई है। प्रदेशभर में बनाए गए 3,856 परीक्षा केंद्रों पर करीब 7 लाख विद्यार्थी पहला पेपर दे रहे हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की भीड़ देखने को मिली। सभी परीक्षाएं निर्धारित समय अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही हैं।

इस वर्ष एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में कुल 16 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। इनमें लगभग 9 लाख विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख विद्यार्थी 12वीं कक्षा की परीक्षा दे रहे हैं। इतने बड़े पैमाने पर परीक्षा संचालन को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

नकल पर रोक लगाने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। हर जिले में चार-चार फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती की गई है। कई परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि संवेदनशील केंद्रों की मॉनिटरिंग सीधे भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से की जा रही है।

प्रश्न-पत्रों को थानों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सुबह 8:30 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। छात्रों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। वहीं, इनविजिलेटरों और केंद्राध्यक्षों को भी नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।