इंदौर: नए साल की पार्टी में मामूली विवाद ने ली जान, जन्मदिन के जश्न में दोस्त की हत्या
इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में नए साल की रात एक जन्मदिन पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब दोस्तों के बीच हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में नए साल की रात एक जन्मदिन पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब दोस्तों के बीच हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय पुष्पेन्द्र पुत्र राजकुमार, निवासी हुकुमचंद कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 31 दिसंबर को पुष्पेन्द्र का जन्मदिन था। इसी अवसर पर उसने अपने दोस्तों को एक मकान में पार्टी के लिए बुलाया था। पार्टी देर रात तक चलती रही। इसी दौरान मजाक-मजाक में हुई बातचीत में किसी बात को लेकर पुष्पेन्द्र और उसके दोस्त गब्बू उर्फ नीरज यादव के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि अपशब्द कहे जाने से विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच तनाव पैदा हो गया।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर नीरज यादव ने चाकू से पुष्पेन्द्र पर हमला कर दिया। हमले में पुष्पेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मल्हारगंज पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उपस्थित लोगों से पूछताछ की। रातभर की तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी नीरज यादव को अलसुबह हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
Varsha Shrivastava 
