इंदौर नगर नगम का 8453 करोड़ रुपए का ई-बजट पेश: कोई नया टैक्स नहीं, कोई कर वृद्धि भी नहीं
इंदौर नगर निगम के बजट सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। सदन में भागीरथपुरा पीड़ितों का फूटा गुस्सा। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई को श्रद्धांजलि देने पर बवाल।
इंदौर। 7 अप्रैल मंगलवार को इंदौर नगर नगम का 8453 करोड़ रुपए का ई-बजट पेश हुआ। साल 2026-27 के बजट में मास्टर प्लान की सड़कों को तय समय में पूरा करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही कुशवाह नगर जैसी नई सड़कों का निर्माण और अधूरी सड़कों को तेजी से पूरा करने की योजना भी शामिल की गई है।
बजट के बड़े हिस्सा का फोकस पानी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर रखा गया है। इनमें नर्मदा परियोजना का चौथा चरण, नई पाइपलाइन बिछाना, पुरानी पाइपलाइन बदलना, हर वार्ड में पानी टेस्टिंग लैब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अमृत-2 और अन्य योजनाओं के तहत 1500 करोड़ रुपए से ज्यादा के काम किए जाएंगे। इनमें पानी की टंकियां, सीवरेज सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट किया जाएगा।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपना चौथा बजट पेश करते हुए कहा कि इस बजट में 8455 करोड़ की आय और 8443 करोड़ के व्यय शामिल हैं। इस बजट में ना तो कोई नया कर लगाया गया है और ना ही वर्तमान में लागू किसी कर में कोई वृद्धि की गई है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने 130 पेज के बजट के प्रमुख अंश पढ़े, जिस पर बुधवार को चर्चा और बहस होगी।
बजट में हंगामा, भागीरथपुरा पीड़ितों का फूटा गुस्सा
इंदौर नगर निगम के बजट सत्र की शुरुआत आज हंगामे के साथ हुई। जैसे ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बजट पेश करना शुरू किया, कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। कांग्रेस पार्षद गंदे पानी की बोतल लेकर परिषद में पहुंचे और जल समस्या को लेकर विरोध जताया। दर्शक दीर्घा में मौजूद भागीरथपुरा के रहवासियों और पीड़ित परिवारों ने भी मृतकों की तस्वीरें दिखाते हुए न्याय की मांग की। इस दौरान इस प्रभावित सोनाली कदम ने महापौर और नगर निगम अधिकारियों पर आरोप लगाया कि चार महीने बीतने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उनकी सास का निधन भागीरथपुरा दूषित जलाकंड के दौड़ने हुआ था। जिनकी मौत अस्पताल ले जाने के दौरान ही हो गया था। लेकिन उन्होंने जब मुआवजे के लिए आवेदन किया तो उनसे अस्पताल का लिखा हुआ मांगा जा रहा है। लेकिन जब उनकी सास अस्पताल तक पहुंच ही नहीं पाई थी तो वह अस्पताल से लिखा हुआ पत्र कहा से लेकर आए।

वहीं, इस हंगामे के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए इसे सुनियोजित साजिश बताया और हंगामा करने वालों को “कांग्रेसी गुंडा” तक कह दिया। महापौर ने अपने बजट भाषण की शुरुआत भागीरथपुरा हादसे के जिक्र से की और मृतकों के परिवार के एक सदस्य को योग्यता के आधार पर नगर निगम में आउटसोर्स नौकरी देने की घोषणा की। महापौर ने यह भी कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दौरान कुछ लोगों ने इंदौर की स्वच्छ छवि को धूमिल करने की कोशिश की, जो निंदनीय है।
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई को श्रद्धांजलि देने पर हंगामा
नगर निगम के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम ने अयातुल्ला खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस पार्षद रूबीना इकबाल खान ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई, अमेरिकी हमले में मारे गए ईरान के 200 स्कूली बच्चों और उज्जैन के छात्र की कनाडा में हत्या पर श्रद्धांजलि दी। दोनों कांग्रेस पार्षदों के श्रद्धांजलि देने पर भाजपा पार्षदों ने हंगामा किया और भगवान राम की जय के नारे लगाए। वहीं, नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने दोनों मुस्लिम महिला पार्षदों का समर्थन कर कहा कि किसी को श्रद्धांजलि देना गलत नहीं है।

Varsha Shrivastava 
