Fake IAS Arrested : इंदौर में फर्जी कलेक्टर गिरफ्तार, घर के बाहर IAS की नेमप्लेट, अंदर चल रहा था बड़ा खेल

Indore Fake IAS Arrested : जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर जिले में भी पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Fake IAS Arrested : इंदौर में फर्जी कलेक्टर गिरफ्तार, घर के बाहर IAS की नेमप्लेट, अंदर चल रहा था बड़ा खेल

Indore Fake IAS Arrested :  मध्य प्रदेश। इंदौर में खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक युवक को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने घर पर "IAS RAJ SONI – District Collector" की नेम प्लेट तक लगा रखी थी। पुलिस ने मौके से कई फर्जी नेम प्लेट, फोटो फ्रेम और प्रशासनिक अधिकारी होने का आभास कराने वाली सामग्री जब्त की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स सिटी-1 में रहने वाला एक युवक लंबे समय से खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों के बीच प्रभाव जमा रहा था। सूचना मिलने पर एसीपी पराग सैनी और थाना प्रभारी राजकुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। 

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम राज सोनी बताकर खुद को जिला कलेक्टर बताया, लेकिन जब उससे पदस्थापना और पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई प्रमाण पेश नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी असलियत सामने आई। आरोपी ने अपना वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल, निवासी अहमदाबाद, गुजरात बताया। उसने स्वीकार किया कि वह समाज में रुतबा और प्रतिष्ठा हासिल करने के लिए खुद को IAS अधिकारी बताता था। 

तलाशी के दौरान पुलिस ने "IAS RAJ SONI – District Collector" लिखी फर्जी नेम प्लेट, "IAS सत्यमेव जयते" फोटो फ्रेम, "कलेक्टर साहब" लिखी सामग्री सहित कई भ्रामक वस्तुएं जब्त कीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर जिले में भी पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।