इंदौर में खड़ी कार में लगी भीषण आग: जिंदा जला 4 साल का मासूम, शीशा तोड़कर बाहर निकाला शव
इंदौर के महू स्थित सिमरोल थाना क्षेत्र में कार में अचानक आग लगने से हुआ बड़ा हादसा। कार में बैठा 4 साल का मासूम चिराग की जलने से दर्दनाक मौत।
इंदौर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां खड़ी कार में अचानक आग लगने से तीन साल 6 महीने के मासूम बच्चे की जलकर मौत हो गई। यह घटना खंडवा रोड स्थित बाबरीवाल ढाबे के पास की है, जहां वाहन सुधार के दौरान यह हादसा हुआ।

महू स्थित सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार करीब 11 बजे दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 4 साल का बच्चा चिराग कार में जिंदा जल गया। चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ घूमने निकला था। पिता पेशे से मैकेनिक हैं और उसी समय कार के पास डीजे गाड़ी की मरम्मत कर रहे थे।

दरअसल, धीरज चौहान की डीजे गाड़ी खराब हो गई थी, जिसकी मरम्मत के लिए उसने संजय को मौके पर बुलाया। जिसके बाद संजय अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से अपने के बेटे चिराग के साथ वहां पहुंचा और गाड़ी को डीजे वाहन से कुछ दूरी पर खड़ा कर दिया। इसी दौरान संजय, मनीष खैर और अन्य साथी डीजे वाहन को सुधारने में लग गए, जबकि मासूम चिराग कार के अंदर ही खेल रहा था।

तभी अचानक कार में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहगीरों और ढाबा संचालक की मदद से कार के कांच तोड़कर आग बुझाने की कोशिश की। पानी और अग्निशमन यंत्र का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था। घटना के बाद बच्चे को तत्काल मध्यभारत अस्पताल महू ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया।

आरोप है कि पिता ने थोड़ी देर के लिए बच्चे को कार में अकेला छोड़ दिया। तभी अचानक कार में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। कार के दरवाजे और खिड़कियां बंद होने के कारण बच्चा बाहर नहीं निकल सका। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की पता लगा रही है।
Varsha Shrivastava 
