Indore के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग से मारपीट का वीडियो वायरल, प्रशासन ने आश्रम सील कर FIR की शुरू की तैयारी

14 वर्षीय नाबालिग ने बुजुर्ग महिला को डंडे से पीटा, वीडियो सामने आते ही हरकत में आया प्रशासन, बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर किया शिफ्ट, आश्रम सील और संचालिका पर FIR की तैयारी

Indore के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग से मारपीट का वीडियो वायरल, प्रशासन ने आश्रम सील कर FIR की शुरू की तैयारी

Indore में संचालित एक वृद्धाश्रम से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक नाबालिग बुजुर्ग की डंडे से पिटाई करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद प्रशासन ने वृद्धाश्रम को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं आश्रम की संचालिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

31 बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर किया जा रहा शिफ्ट

दरअसल, बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी वृद्धाश्रम का एक वायरल वीडियो में एक नाबालिग बुजुर्ग के साथ मारपीट करता नजर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम निधि वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की टीम ने आश्रम पहुंचकर जांच की।

आश्रम में मिलीं कई अनियमितताएं- SDM निधि वर्मा

जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर आश्रम को सील करने का निर्णय लिया गया। SDM निधि वर्मा ने बताया कि आश्रम में कुल 31 बुजुर्ग रह रहे थे। सभी को सामाजिक न्याय विभाग से पंजीकृत अन्य वृद्धाश्रमों में सुरक्षित स्थानांतरित किया जा रहा है, ताकि उनकी देखभाल और सुरक्षा प्रभावित न हो। साथ ही आश्रम की संचालिका नीलम दुबे के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वृद्धाश्रम की संचालिका ने दी अपनी सफाई

संचालिका नीलम दुबे का कहना है कि घटना के समय वह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूजा में शामिल होने के लिए कुछ देर के लिए आश्रम से बाहर गई थीं। उनके अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहा नाबालिग मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसकी मां का कुछ महीने पहले निधन हो चुका है। उनका दावा है कि किसी विवाद के बाद यह घटना हुई।

इधर, ACP रुबीना मिजवानी ने बताया कि वायरल वीडियो को जांच का आधार बनाया गया है। पुलिस सभी तथ्यों, संबंधित लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिग की मानसिक स्थिति को देखते होगी काउंसलिंग

पुलिस ने बताया कि नाबालिग की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी। उसे वृद्धाश्रम से हटाकर बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था को सौंपने की तैयारी की जा रही है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में वह बुजुर्गों के संपर्क में न रहे।

प्रशासन का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। वहीं बुजुर्गों की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।