इंदौर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और जाममुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से इंदौर यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, अति पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर. के. सिंह और पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर विशेष अभियान चलाया।

पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर के चारों यातायात जोनों में किया निरीक्षण
इस अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर के चारों यातायात जोनों में स्थित मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। यातायात जोन-1 में बड़ा गणपति क्षेत्र, जोन-2 में रसौमा और ऑर्बिट से एलआईजी चौराहा, जोन-3 में जेल रोड और नोवेल्टी क्षेत्र और जोन-4 में सुभाष चौक पानी की टंकी से राजवाड़ा, भवरकुआ और टावर चौराहा से अग्रसेन चौराहा तक यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्रेन, सपोर्ट वाहन, पेट्रोलिंग बाइक सहित पैदल भ्रमण के माध्यम से यातायात प्रबंधन किया। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर त्वरित चालानी और हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे कई स्थानों पर यातायात सुगम हुआ और सड़कें चौड़ी नजर आईं। जेल रोड और नोवेल्टी क्षेत्र में कार्रवाई के बाद यातायात का प्रवाह बेहतर हुआ, जिससे आम नागरिकों को राहत मिली।
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी स्वयं यातायात टीम के साथ पैदल भ्रमण पर निकले
जेल रोड, नोवेल्टी और सराफा क्षेत्र में डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी स्वयं यातायात टीम के साथ पैदल भ्रमण पर निकले। उन्होंने मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई कराई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया। साथ ही, माइक अनाउंसमेंट के माध्यम से दुकानदारों, प्रतिष्ठान संचालकों एवं आम नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने और अपने ग्राहकों के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन खड़ा करने, दुकानों के सामने अतिक्रमण करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कई स्थानों पर वाहन चालकों को समझाइश देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें। यातायात पुलिस का यह प्रयास शहर को जाममुक्त बनाने और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।