Har Ghar Tiranga: मऊगंज में निकली तिरंगा यात्रा, कलेक्टर ने किया नेतृत्व
Har Ghar Tiranga Abhiyan के तहत मऊगंज में कलेक्टर संजय कुमार जैन के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. कलेक्ट्रेट से शुरू हुई यात्रा केदारनाथ कॉलेज पहुंचकर समाप्त हुई.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज जिले में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत रविवार 9 अगस्त को तिरंगा यात्रा के साथ हुई. जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर से कलेक्टर संजय कुमार जैन के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
कलेक्ट्रेट से शुरू हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए केदारनाथ कॉलेज पहुंची, जहां इसका समापन हुआ. यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के हाथों में तिरंगा नजर आया. भारत माता के जयकारों से पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत दिखाई दिया.

अधिकारी, विद्यार्थी और युवाओं ने लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में नगर परिषद मऊगंज के अध्यक्ष बृजवासी पटेल, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित कई अधिकारी शामिल हुए.
इसके अलावा अलग-अलग विभागों के अधिकारी और कर्मचारी, स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी भी यात्रा का हिस्सा बने. खेल संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने भी तिरंगा यात्रा में भाग लिया.

तिरंगे के सम्मान का दिया संदेश
यात्रा के जरिए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जुड़ने का संदेश दिया गया. प्रतिभागियों ने आम नागरिकों से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान के दौरान अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करें.
यात्रा के दौरान लोगों में अभियान को लेकर खासा उत्साह नजर आया. हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और युवा लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित करते दिखाई दिए.
17 अगस्त तक चलेंगी अलग-अलग गतिविधियां
मऊगंज जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. प्रशासन का उद्देश्य इन गतिविधियों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है.
Anubhav Dubey 
