वार्ड-36 में जलभराव और गंदगी से परेशान रहवासी, कांग्रेस ने दिया नगर निगम को 7 दिन का अल्टीमेटम
सड़कों पर कीचड़ और सीवरेज समस्या को लेकर कांग्रेस आक्रामक, विपिन वानखेड़े ने दी घेराव की चेतावनी
Indore: नगर निगम की अनदेखी और अव्यवस्थाओं के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने वार्ड-36 स्थित टी.सी.एल. होटल के पास बाईपास पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय रहवासियों ने प्लैटिनम पैराडाइज, सॉलिटेयर पार्क, फॉर्च्यून सिटी और ओमेक्स सिटी-1 की बदहाल सड़कों बदहाल सीवरेज सिस्टम और पानी की किल्लत का मुद्दा उठाया।
समन्वय के नाम पर बहानेबाजी
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वार्ड- 36 की इन कॉलोनियों में नर्मदा पाइपलाइन, सड़कों पर पसरे कीचड़ और ड्रेनेज के गंदे पानी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। जब भी शिकायत की जाती है, तो नगर निगम अमला एन.एच.ए.आई. (NHAI) और अन्य विभागों के साथ तालमेल न होने का राग अलापकर पल्ला झाड़ लेता है।
अधिकारियों को दो टूक चेतावनी
ज्ञापन लेने पहुंचे ज़ोनल ऑफिसर (Z.O.) के प्रतिनिधि के रूप मे आये अनिरुध को जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा, हम कई दौर की बैठकें कर चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है। मैंने खुद प्लैटिनम पैराडाइज में सड़कों पर मल बहते देखा है। अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विपिन वानखेड़े ने नगर निगम को 7 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस ज़ोनल ऑफिसर कार्यालय का घेराव करेगी और एन.एच. (NH) जाम करने जैसा बड़ा कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगी।
धरना प्रदर्शन में पार्षद अमित पटेल, पार्षद सीमा सोलंकी और पार्षद कुणाल सोलंकी विशेष रूप से शामिल हुए। पार्षद प्रत्याशी महेश पंचोली, लोकेश परिख, वीरेंद्र रिटोरिया, हंसराज मंडलोई, सत्यप्रकाश यादव, सत्येंद्र जैसवाल, कपिल चौहान ,कार्यक्रम का संचालन निपानिया वार्ड-36 के अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव ने किया।
Varsha Shrivastava 
