PM मोदी से बोले खड़गे, ‘आप थोड़े से बदल गए हैं’, जानिए क्या हुई दोनों के बीच बात
सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में PM नरेंद्र मोदी और मल्लिकार्जुन खड़गे आमने-सामने आए। दोनों के बीच हुई हल्की-फुल्की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दिल्ली में NCP-SP सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के रिसेप्शन में सोमवार को देश की सियासत के कई बड़े चेहरे एक साथ नजर आए। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की भी मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच हुई छोटी सी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में खड़गे प्रधानमंत्री मोदी से कहते सुनाई दे रहे हैं, “आप थोड़े से बदल गए हैं, थोड़ा सा बदलाव आ गया है आपमें।” इसके बाद PM मोदी मुस्कुराते हुए उनकी बात का जवाब देते हैं।
PM मोदी और खड़गे में क्या हुई बात?
वायरल हो रहे वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले राहुल गांधी से हाथ मिलाते नजर आते हैं। इसके बाद वह प्रियंका गांधी वाड्रा से उनका हाल पूछते हैं। प्रियंका गांधी जवाब देती हैं कि वह अच्छी हैं और प्रधानमंत्री से भी उनका हाल पूछती हैं। इस पर PM मोदी मुस्कुराते हुए कहते हैं कि वह अभी भी वैसे ही हैं। तभी पास खड़े मल्लिकार्जुन खड़गे बातचीत में शामिल होते हैं और प्रधानमंत्री से कहते हैं, “भाई साहब, आप थोड़ा बदल गए हैं, थोड़ा सा बदलाव आ गया है आपमें।” खड़गे की यह बात सुनकर प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए “अच्छा?” कहते हैं। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और PM मोदी ने खड़गे के कंधे पर हाथ भी रखा। इस दौरान राहुल गांधी भी मुस्कुराते हुए नजर आए।
सुप्रिया सुले की बेटी का था रिसेप्शन
यह कार्यक्रम NCP-SP प्रमुख शरद पवार के दिल्ली स्थित 6 जनपथ आवास पर आयोजित किया गया था। सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले ने नागपुर के उद्योगपति सारंग लखानी से शादी की है। दोनों की शादी जून में मुंबई में हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में रिसेप्शन रखा गया। इस समारोह में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता शामिल हुए और अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की एक ही मंच पर मौजूदगी देखने को मिली।
एक ही मंच पर नजर आए सत्ता और विपक्ष के कई बड़े चेहरे
रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शरद पवार, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई प्रमुख नेता पहुंचे। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, चिराग पासवान, गजेंद्र सिंह शेखावत, रामदास आठवले और गिरिराज सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इसके अलावा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, NCP नेता प्रफुल्ल पटेल, RSS प्रमुख मोहन भागवत, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी रिसेप्शन में शामिल हुईं।
At Supriya Sule’s daughter’s wedding reception, a light-hearted moment unfolded ????????
— Akshay Kumar (@akshay_vicky) August 12, 2026
PM Modi: “And Priyanka, how are you?”
Priyanka Vadra: “I’m good, Sir! How are you?”
PM Modi: “I’m still the same.” ????
Kharge: “Bhai sahab, you’ve changed a little… Aap thoda sa badal gaye…
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
PM मोदी और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच हुई इस छोटी सी बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। आम तौर पर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बहस देखने को मिलती है, लेकिन इस समारोह में दोनों नेताओं का यह हल्का-फुल्का अंदाज कैमरे में कैद हो गया। खड़गे के “थोड़े बदल गए हैं” वाले बयान और PM मोदी के मुस्कुराते हुए जवाब ने इस मुलाकात को खास बना दिया।
Anubhav Dubey 
