मऊगंज में चक्काजाम पर पुलिस की कार्रवाई, 28 नामजद सहित अन्य पर केस

मऊगंज में सड़क हादसे के बाद नेशनल हाईवे-135 पर चक्काजाम करने और एंबुलेंस समेत वाहनों को रोकने के मामले में पुलिस ने 28 नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।

मऊगंज में चक्काजाम पर पुलिस की कार्रवाई, 28 नामजद सहित अन्य पर केस

राजेंद्र पयासी, मऊगंज।

नेशनल हाईवे-135 पर सड़क हादसे के बाद चक्काजाम कर रास्ता रोकने के मामले में मऊगंज पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 28 नामजद लोगों सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

महिला की मौत के बाद सड़क पर रखा शव

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को शाहपुर थाना क्षेत्र के खटखरी गांव के पास रीवा-मिर्जापुर नेशनल हाईवे-135 पर ट्रेलर और ट्रक की टक्कर हो गई थी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मृत महिला के परिजन और कुछ अन्य लोग शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम करने लगे।

एंबुलेंस समेत कई वाहन फंसे

चक्काजाम की वजह से हाईवे पर एंबुलेंस, बस, ट्रक, कार और दोपहिया वाहन काफी देर तक फंसे रहे। पुलिस का कहना है कि इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को भी रास्ता नहीं मिल पाया। पुलिस के मुताबिक, कई बार समझाने के बाद भी एंबुलेंस को रास्ता नहीं दिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने नारेबाजी भी की।

समझाइश के बाद भी नहीं खुला रास्ता

चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से सड़क खाली करने और अपनी बात कानूनी तरीके से रखने की समझाइश दी, लेकिन रास्ता नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाहपुर थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने चक्काजाम में शामिल 28 लोगों को नामजद किया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के नाम अभी सामने नहीं आए हैं। पुलिस अब मौके के वीडियो और दूसरे सबूत जुटा रही है, जिससे चक्काजाम में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क हादसे या किसी दूसरी घटना को लेकर विरोध करना है तो लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से करें। हाईवे जैसे सार्वजनिक रास्ते को रोकने से मरीजों और आम लोगों को परेशानी हो सकती है और ऐसा करना कानूनन अपराध है।