Colombia में 7.4 तीव्रता का भूकंप, कई इलाकों में नुकसान
कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से हड़कंप मच गया। चोको प्रांत में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा, जबकि बोगोटा समेत कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए।
Colombia Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह तेज भूकंप के झटकों से हड़कंप मच गया। भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई गई है। इसका असर चोको प्रांत के अलावा राजधानी बोगोटा समेत कई इलाकों में महसूस हुआ। झटके इतने तेज थे कि लोग घरों और दूसरी इमारतों से बाहर निकल आए। कई जगहों पर इमारतों के हिस्से गिरने और नुकसान की जानकारी सामने आई है।
चोको प्रांत में भूकंप का सबसे ज्यादा असर
भूकंप का केंद्र कोलंबिया के चोको प्रांत में सैन जोस डेल पालमार के आसपास बताया गया है। इस इलाके में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। क्विब्डो समेत प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और राहत एजेंसियों की टीमें स्थिति का जायजा ले रही हैं।
भूकंप के बाद कई जगहों पर इमारतों के छज्जे और दूसरे हिस्से टूटकर नीचे गिर गए। सड़कों पर मलबा भी देखा गया। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बोगोटा में घरों से बाहर निकले लोग
तेज झटकों का असर कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में भी महसूस किया गया। भूकंप के दौरान लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई जगहों पर एहतियात के तौर पर इमारतों को खाली कराया गया।
राजधानी में शुरुआती जानकारी के मुताबिक बड़े स्तर पर नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इक्वाडोर समेत दूसरे इलाकों तक पहुंचे झटके
भूकंप का असर कोलंबिया तक सीमित नहीं रहा। पड़ोसी इक्वाडोर के कुछ हिस्सों में भी लोगों ने झटके महसूस किए। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक वेनेजुएला और पनामा के कुछ इलाकों में भी भूकंप का असर महसूस किया गया।
भूकंप के बाद लोगों में आफ्टरशॉक को लेकर भी चिंता बनी हुई है। प्रशासन की टीमें संवेदनशील इलाकों में हालात पर नजर रख रही हैं।
कई लोगों के घायल होने की खबर
भूकंप के बाद अलग-अलग इलाकों से लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ जगहों पर इमारतों के हिस्से गिरने से लोग चोटिल हुए हैं। हालांकि घायलों की संख्या को लेकर अभी अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं।
राहत और बचाव टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की मदद कर रही हैं। प्रशासन की ओर से नुकसान और घायलों की संख्या का विस्तृत आंकड़ा जुटाया जा रहा है।
सुनामी को लेकर क्या है स्थिति?
तेज भूकंप के बाद सुनामी की आशंका को लेकर भी लोगों के बीच चिंता थी। हालांकि उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इस भूकंप से सुनामी का खतरा नहीं बताया गया है। इसके बावजूद प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की अपील की है।
फिलहाल अधिकारियों का फोकस प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने, घायलों तक मदद पहुंचाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। आने वाले घंटों में भूकंप से हुए नुकसान और प्रभावित लोगों को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।
Anubhav Dubey 
